खुदरा क्षेत्र में भारत की विदेश नीति में कोई बदलाव नहीं
नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा ने रविवार को यहां कहा है कि मल्टी ब्रांड खुदरा उद्योग के क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश पर प्रतिबंध को लेकर सरकारी नीति में कोई बदलाव नहीं होगा।
शर्मा ने सिंगल ब्रांड खुदरा श्रृंखला में 51 प्रतिशत विदेशी इक्वि टी की अनुमति का जिक्र करते हुए वर्ल्ड इकॉनॉमिक फोरम की इंडिया इकॉनामिक समिट में कहा, "मैंने सिंगल ब्रांड खुदरा श्रंखला की वकालत की है। मुझे नीति में परिवर्तन की कोई आवश्यकता नहीं जान पड़ती।"
शर्मा पिछले सप्ताह वाल मार्ट के अध्यक्ष एस.रोबसन और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बीच बैठक के संदर्भ में बात कर रहे थे। रोबसन ने शर्मा से भी मुलाकात की थी।
वाल मार्ट, भारती समूह के साथ मिल कर भारत में एक कैश एंड कैरी थोक खुदरा श्रृंखला चलाती है और शर्मा के अनुसार यह समूह निकट भविष्य में 40 नई खुदरा श्रृंखलाएं लांच करेगा।
शर्मा ने भारत दौरे पर आईं यूरोपीय संघ की व्यापार आयुक्त कैथरीन एशटॉन के साथ शुक्रवार को संयुक्त रूप से संवाददाताओं से कहा था, "मैं वाल मार्ट के प्रतिनिधियों से मिला था। वे खुश हैं तथा और कई श्रृंखलाएं खोलने की योजना बना रहे हैं।"
शर्मा ने कहा था, "नियमों में परिवर्तन का फिलहाल समय नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications