अगले वर्ष वित्तीय प्रोत्साहन पैकेजों को वापस लिया जा सकता है : प्रधानमंत्री
विश्व आर्थिक फोरम (डब्ल्यूईएफ) के भारत आर्थिक शिखर सम्मेलन में सिंह ने कहा, "मुझे यह कहने में खुशी हो रही है कि भारत ने वैश्विक आर्थिक मंदी का सामना दुनिया के अधिकांश देशों से अधिक बेहतर तरीके से किया है।"
सिंह ने कहा, "अन्य देशों की तरह हमने महत्वपूर्ण वित्तीय प्रोत्साहन आरंभ किया और इसे वपस लेने के लिए अगले वर्ष उपयुक्त कदम उठाए जाएंगे। हमारा मध्यम समयावधि का लक्ष्य नौ प्रतिशत वार्षिक वृद्धि दर हासिल करना है।"
पूरी दुनिया के शीर्ष व्यापारिक नेताओं के समक्ष प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था का सबसे खराब दौर पीछे छूट गया है लेकिन वापसी का रास्ता लंबा और अनिश्चित है।
सिंह ने कहा कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था 6.5 प्रतिशत की दर से विकास करेगी और यदि मानसून सामान्य रहा तो अगले वर्ष यह सात प्रतिशत हो सकती है।
उन्होंने कहा, "वर्तमान वित्तीय वर्ष में हमने खराब मानसून का सामना किया और इसके परिणामस्वरूप कृषि में गिरावट आई। इसके बावजूद विकास दर 6.5 प्रतिशत रहने की उम्मीद है।"
उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था के सुधरने के साफ संकेत हैं। अगले वर्ष सामान्य मानसून के साथ सात प्रतिशत की विकास दर हासिल करने की आशा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications