कोड़ा को अस्पताल से छुट्टी, जांच के दायरे में खदान समझौते (लीड-1)
अस्पताल के प्रवक्ता जावेद अख्तर ने आईएएनएस को बताया, "मधु कोड़ा को छुट्टी दे दी गई है।" कोड़ा को पेट दर्द, उल्टी और उच्च रक्तचाप की शिकायत के बाद बीते मंगलवार को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अख्तर ने कहा, "हमने कोड़ा को अस्पताल से छुट्टी दिए जाने के बारे में प्रवर्तन निदेशालय को सूचित कर दिया है। अब निदेशालय को फैसला करना है कि उसे आगे क्या कदम उठाना है। कोड़ा को भी यह निर्णय लेना है कि वह कब अस्पताल छोड़ते हैं।"
आयकर विभाग के अधिकारियों ने कोड़ा के मुख्यमंत्री रहते हुए खदान समझौतों की जांच शुरू कर दी है। कोड़ा सितम्बर, 2006 से अगस्त, 2008 तक मुख्यमंत्री रहे।
सूत्रों का कहना है कि आयकर विभाग ने कोड़ा के कार्यकाल के दौरान खदानों, खदानों को लीज देने की सिफारिशों, खदानों के लाइसेंस जारी करने और अन्य पहलुओं के बारे में विवरण मांगा है।
गौरतलब है कि कोड़ा पर 2,500 करोड़ रुपयों के गैर कानूनी लेन-देन का आरोप है। उन पर आरोप है कि इस राशि में से 550 करोड़ रुपये की रकम उन्होंने हवाला के जरिये या अवैध धन को वैध बनाकर दुबई, थाईलैंड, लाइबेरिया और मलेशिया भिजवाई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications