दुर्घटना में डीपीएस के 7 छात्र जख्मी
नई दिल्ली, 7 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तरी दिल्ली के मजनू का टीला में ट्रेफिक सिग्नल का उल्लंघन कर तेज गति से आ रहे एक ट्रक के एक स्कूली वैन से जा टकराने से दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), मथुरा रोड के सात छात्र घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह दुर्घटना कश्मीरी गेट के अंतर्राज्यीय बस अड्डे के करीब मजनू का टीला पर सुबह आठ बजे के करीब हुई। पुलिस उपायुक्त सागर प्रीत हुडा के मुताबिक घायल छात्रों की उम्र 10 से 12 वर्ष है।
दुर्घटनास्थल के निकट राजीव जैन नाम के व्यक्ति ने पत्रकारों को बताया, "वैन में मेरी भतीजी थी। ट्रक ने वैन को पीछे से धक्का दिया।"
एक घायल छात्र की मां शिवानी मोंगा ने बताया, "शनिवार होने की वजह से स्कूल वैन में कम छात्र थे। यदि वैन पूरी भरी होती तो ज्यादा बच्चे जख्मी होते।"
अस्पताल अधिकारियों ने आईएएनएस को बताया कि सात में से पांच बच्चों को मामूली चोटे आई हैं और उन्हें इलाज के बाद घर भेज दिया जाएगा। एक चिकित्सक ने कहा, "दो बच्चों की जांचें चल रही हैं। एक बच्चे की बांह की हड्डी टूट गई है।"
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications