लोकसभा, विधानसभा उपचुनाव में भारी मतदान

उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद लोकसभा सीट पर कुल 53.5 फीसदी मतदान हुआ। इसके अलावा उत्तर प्रदेश की विधानसभा सीटों पर 11 सीटों पर 49.37, राजस्थान की दो सीटों पर 50, केरल की तीन सीटों पर 80, असम की दो सीटों पर 65, पश्चिम बंगाल की 10 सीटों पर 65, छत्तीसगढ़ की एक सीट पर 55 और हिमाचल प्रदेश की दो सीटों पर 67 फीसदी मतदान हुआ।
11 विधानसभा सीटों पर 177 प्रत्याशी
उत्तर प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों पर 49 लाख मतदाताओं ने 3680 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का उपयोग करके 177 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन(ईवीएम) में बंद कर दिया।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश कुमार सिन्हा ने लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि फिरोजाबाद लोकसभा सीट पर कुल 53.5 फीसदी मतदान हुआ। जबकि विधानसभा सीटों में सबसे कम 28 फीसदी मतदान लखनऊ पश्चिम विधानसभा सीट पर और सबसे ज्यादा 60 फीसदी मतदान ललितपुर विधानसभा सीट पर हुआ।
फिरोजाबाद लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी(सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू डिंपल यादव और कांग्रेस प्रत्याशी राजबब्बर के बीच कांटे की टक्कर है। बीते लोकसभा चुनाव में यहां मतदान का प्रतिशत 51 फीसदी था।
विधानसभा सीटों पर जहां मतदान हुआ उनमें शाहजहांपुर जिले की पूवायां, सुल्तानपुर की इसौली, संत कबीर नगर की हैसर बाजार, कुशीनगर की पड़रौना, वाराणसी की कोलअसला, जौनपुर की रारी, इटावा की सदर और भरथना और झांसी जिले की झ्झांसी सीटें शामिल हैं।
राज्य में मतदान के दौरान छुटपुट घटनाओं को छोड़कर कहीं से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं आई है। फिरोजाबाद के प्रतापपुर गांव में दो पक्षों में कथित तौर पर हुए विवाद में दो लोग घायल हो गए।
इन उपचुनावों में सबकी निगाहें जिस सीट पर रहेंगी, वह है फिरोजाबाद लोकसभा सीट, जहां से समाजवादी पार्टी(सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू डिंपल यादव पार्टी की उम्मीदवार हैं। उनका मुख्य मुकाबला कांग्रेस के प्रत्याशी राजबब्बर से है।
इसके अलावा जिन विधानसभा सीटों पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी, उनमें सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के लोकसभा पहुंचने से रिक्त हुई भरथना विधानसभा सीट, लालजी टंडन के इस्तीफे से खाली हुई लखनऊ पश्चिम सीट और केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन के लोकसभा पहुंचने से रिक्त हुई झांसी विधानसभा सीट शामिल हैं।
पश्चिम बंगाल में 65 फीसदी मतदान
पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 10 सीटों पर शनिवार को हुए उपचुनाव में करीब 65 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस दौरान कुछ स्थानों पर छिटपुट हिंसा भी हुई।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी देबाशीष सेन ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य में आमतौर पर मतदान शांतिपूर्ण रहा। शाम पांच बजे तक 65 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इसके बाद भी मतदाताओं की कतारें लगी हुई थीं।
सेन ने बताया कि मालदा जिले के सुजापुर विधानसभा क्षेत्र में एक पीठासीन अधिकारी को हटा दिया गया क्योंकि वह बखरपुर प्राथमिक विद्यालय के मतदान केंद्र पर मतदाताओं को कथित तौर प्रभावित करने का प्रयास कर रहा था। फर्जी मतदान के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
विधानसभा की 10 सीटों बेलाचिया (पूर्व), कालचिनी (जजा), राजगंज (अजा), सुजापुर, गोलपोखर, बोनगांव, कोंटई दक्षिण, एगरा, सेरामपुर और अलीपुर पर हुए उपचुनाव में करीब 19 लाख मतदाता हैं।
असम में 65 फीसदी मतदान
असम में विधानसभा की दोनों सीटों पर शनिवार को हुए उपचुनाव में करीब 65 फीसदी मतदान हुआ।
निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया, "प्राथमिक जानकारी के अनुसार ढेकियाजुली और दक्षिण सलमारा विधानसभा क्षेत्रों में 65 फीसदी मतदान हुआ। यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है क्योंकि सुदूर क्षेत्रों में हुए मतदान के आंकड़ों को अभी सम्मिलित किया जाना बाकी है।"
ये दोनों सीटें असम गण परिषद के जोसेफ टोप्पो और असम युनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एयूडीएफ) के बदरुद्दीन अजमल के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद रिक्त हुई हैं।
सोनितपुर जिले की ढेकियाजुली सीट पर लगभग 161,959 मतदाता हैं। यहां से खड़े तीन निर्दलीय उम्मीदवारों ने गुरुवार रात कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन का ऐलान किया था।
धुबरी जिले की दक्षिण सलमारा सीट पर मुख्य मुकाबला एयूडीएफ और कांग्रेस के बीच है। यहां कुल 131,836 मतदाता हैं। इस सीट पर एयूडीएफ की ओर से बदरुद्दीन अजमल के पुत्र अब्दुर रहमान अजमल और कांग्रेस के वाजिद अली चौधरी चुनावी मैदान में हैं।
केरल में 80 फीसदी मतदान
केरल में तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए शनिवार को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हो गया।
कन्नूर के जिला कलक्टर पी.बी.सालिम ने कहा कि अंतिम आंकड़े अभी नहीं मिल पाए हैं लेकिन यहां मतदान का प्रतशित 75 से 80 फीसदी के बीच रहेगा। अलाप्पुझा में 70 फीसदी और एर्नाकुलम में 65 फीसदी मतदान की खबर है। कन्नूर में 129, एर्नाकुलम में 137 और अलाप्पुझा में 104 मतदान केंद्र बनाए गए थे।
राजस्थान में 50 फीसदी मतदान
राजस्थान की तोदाभीम और सलुंबेर विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में करीब 50 फीसदी मतदान हुआ। यहां सत्तारूढ़ कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच सीधी टक्कर है।
निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने से कहा कि दोनों विधानसभा सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। यहां करीब 50 फीसदी मतदान हुआ है।
तोदाभीम में कांग्रेस के शिवदयाल मीणा और भाजपा के रमेश चंद मीणा के बीच सीधी टक्कर है। जबकि सलुंबेर में कांग्रेस उम्मीदवार बसंती और भाजपा उम्मीदवार अमृत लाल आमने-सामने हैं।
छत्तीसगढ़ में 55 फीसदी मतदान
छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले की वैशाली नगर विधानसभा सीट पर शनिवार को हुए उपचुनाव में 55 फीसदी मतदान हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी राम सिंह ठाकुर ने संवाददाताओं से कहा कि छिटपुट घटनाओं को छोड़ मतदान आमतौर पर शांतिपूर्ण रहा।
वैशाली नगर विधानसभा सीट पर कुल 221 मतदान केंद्र बनाए गए थे। मतदान के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। इस सीट पर मुख्य मुकाबला राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के उम्मीदवारों के बीच है।
हिमाचल में 67 फीसदी मतदान
हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू और ज्वाली विधानसभा क्षेत्रों में हुए उपचुनाव में 67 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार खाची ने बताया कि रोहड़ू में 65 फीसदी और ज्वाली में 70 फीसदी लोगों ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। हालांकि अभी अंतिम आंकड़े आने बाकी हैं।
रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के पारसा गांव की 109 वर्षीया सुनपती, जो इस चुनाव क्षेत्र की सबसे वृद्घ मतदाता हैं, ने पारसा मतदान केन्द्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया जबकि ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत नंगल मतदान केन्द्र पर टरोली गांव की 112 वर्षीया गीता देवी ने अपना वोट डाला।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी खाची ने बताया कि निर्वाचन विभाग ने पहली बार सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सहयोग से रोहड़ू व ज्वाली विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं को एसएमएस की सुविधा प्रदान की, जिसके जरिए उन्हें अपने विधानसभा क्षेत्र की संख्या, नाम, मतदान केन्द्र संख्या, मतदान केन्द्र का पता व मतदाता क्रमांक संख्या पता करने की सुविधा प्राप्त हुई। दोनों सीटों पर कुल 145,957 मतदाता आठ उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications