लोकसभा की एक और विधानसभाओं की 31सीटों पर मतदान जारी (लीड-1)

उत्तर प्रदेश में लोकसभा की फिरोजाबाद सीट और विधानसभा की 11 सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। यहां 49 लाख मतदाताओं के लिए 3680 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और कुल 177 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

यहां विधानसभा की जिन 11 सीटों के लिए उपचुनाव हो रहा है, उनमें शाहजहांपुर जिले की पूवायां, लखनऊ की लखनऊ-पश्चिम, सुल्तानपुर की इसौली, संत कबीर नगर की हैसर बाजार, कुशीनगर की पडरौना, वाराणसी की कोलअसला, जौनपुर की रारी, इटावा की सदर और भरथना, ललितपुर की ललितपुर सदर और झांसी जिले की झांसी सीटें शामिल हैं।

मतदान के मद्देनजर यहां सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक(कानून-व्यवस्था) प्रथम बृजलाल ने लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराने के लिए राज्य की पुलिस के अलावा 42 कंपनी प्रांतीय सशस्त्र बल(पीएसी), 26 कंपनी केंद्रीय अर्ध सैनिक बल(सीपीएमएफ) और दूसरे राज्यों से मंगाए गए सुरक्षा बलों की 45 कंपनी तैनाती की गई हैं।

सबकी निगाहें फिरोजाबाद लोकसभा सीट पर लगी हैं, जहां से समाजवादी पार्टी(सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू डिंपल यादव पार्टी की उम्मीदवार हैं। उनका मुख्य मुकाबला कांग्रेस के प्रत्याशी राजबब्बर से है।

इसके अलावा जिन विधानसभा सीटों पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी उनमें सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के लोकसभा पहुंचने से रिक्त भरथना विधानसभा सीट, लालजी टंडन के इस्तीफे से खाली लखनऊ पश्चिम सीट और केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन के लोकसभा पहुंचने से रिक्त हुई झ्झांसी विधानसभा सीट शामिल हैं।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 10 सीटों के लिए कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच मतदान हो रहा है।

सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें देखी गईं। पुलिस के मुताबिक अब तक कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। राज्य में पुख्ता सुरक्षा प्रबंध करने के लिए अर्धसैनिक बलों की लगभग 40 कंपनियां तैनात की गई हैं।

राजस्थान की दो विधानसभा सीटों पर भी कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हो रहा है। राज्य में तोदाभीम और सलुंबेर विधानसभा सीटों पर मतदान चल रहा है। तोदाभीम में 194,500 से अधिक मतदाता सात उम्मीदवारों के चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे। सलुंबेर में 204,500 से ज्यादा मतदाता हैं और यहां छह उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य दांव पर हैं।

छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले की वैशाली नगर विधानसभा सीट पर मतदान कराया जा रहा है।

इस सीट पर कुल 221 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां लगभग 211,000 मतदाता 15 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। 65 मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं।

हिमाचल प्रदेश में शिमला की रोहडू औरद कांगड़ा जिले की ज्वाली विधानसभा सीट पर मतदान सुबह आठ बजे आरंभ हुआ। हिमाचल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिल खाची ने आईएएनएस को बताया, "मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से आरंभ हुई। मतदान पांच बजे तक चलेगा।"दोनों सीटों पर कुल 145,957 मतदाता आठ उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।

असम में विधानसभा की दो सीटों पर भी कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान आरंभ हुआ। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार को ढेकियाजुली और दक्षिण सलमारा विधानसभा क्षेत्रों में मतदान सुबह आठ बजे से आरंभ हो गया। मतदान चार बजे तक चलेगा। ये दोनों सीटें असम गण परिषद के जोसेफ टोप्पो और असम युनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एयूडीएफ) के बदरुद्दीन अजमल के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद रिक्त हुई हैं।

सोनितपुर जिले की ढेकियाजुली सीट पर लगभग 161,959 मतदाता अपने मताधिकार उपयोग करेंगे। यहां से खड़े तीन निर्दलीय उम्मीदवारों ने गुरुवार रात कांग्रेस प्रत्याशी का समर्थन करने का ऐलान किया था।

धुबरी जिले की दक्षिण सलमारा सीट पर मुख्य मुकाबला एयूडीएफ और कांग्रेस के बीच है। यहां कुल 131,836 मतदाता हैं। इस सीट पर एयूडीएफ की ओर से बदरुद्दीन अजमल के पुत्र अब्दुर रहमान अजमल और कांग्रेस के वाजिद अली चौधरी चुनावी मैदान में हैं।

केरल में भी तीन विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी है। कन्नूर, एर्नाकुलम और अलाप्पुझा विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। यहां विभिन्न मतदान केंद्रों पर सुबह से ही बड़ी संख्या में मतदाता पहुंच रहे हैं। जिला प्रशासनों ने तीनों विधानसभा क्षेत्रों में अवकाश की घोषणा की है, ताकि मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें। कन्नूर में 129, एर्नाकुलम में 137 और अलाप्पुझा में 104 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+