येदियुरप्पा को हटाने की मांग पर अड़े हैं रेड्डी (लीड-2)
रेड्डी का कहना है कि येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने की अपनी मांग पर वे अब भी कायम हैं।
कर्नाटक में भाजपा का संकट खत्म होने संबंधी खबरों को निराधार करार देते हुए रेड्डी ने हैदराबाद में संवाददाताओं से कहा, "मैं शुरू से ही कह रहा हूं कि भाजपा और कर्नाटक के हित में राज्य में एक अच्छा नेतृत्व चाहिए। मैं अपने बयान पर अडिग हूं।"
इसके पहले 26 अक्टूबर को जब रेड्डी ने बगावत का झंडा बुलंद किया था, तब भी उन्होंने ठीक ऐसा ही बयान दिया था, "हम चाहते हैं कि भाजपा राज्य में पांच साल नहीं, बल्कि 50 साल तक शासन करे। इसके लिए हमें एक बेहतर नेतृत्व चाहिए। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारे नेता दो-तीन दिनों के भीतर कोई उचित निर्णय लेंगे।"
इस बयान के 13 दिन बीत चुके हैं। रेड्डी के अनुसार अभी कोई उचित निर्णय नहीं लिया गया है। यानी वह अब भी येदियुरप्पा को हटाए जाने की अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।
रेड्डी का समर्थन करने वाले कुछ मंत्रियों सहित लगभग 40 विधायक एक हफ्ते से हैदराबाद के एक आलीशान होटल में डेरा डाले हुए हैं। शनिवार को रेड्डी अपने बड़े भाई और राजस्व मंत्री जी.करुणाकरन रेड्डी से मुलाकात करने बेंगलुरू रवाना हो गए। उनके तीसरे भाई जी. सोमशेखरा विधायक हैं।
इससे पहले शनिवार को येदियुरप्पा ने दावा किया कि राज्य में भाजपा का संकट खत्म हो गया है। इसके बाद वह वैष्णो देवी के लिए रवाना हो गए।
रवाना होने से पहले पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने कहा था कि कर्नाटक में भाजपा की सारी समस्याएं सुलझा ली गई हैं। उन्होंने कहा, "सभी समस्याओं को सुलझा लिया गया है। मैं केंद्रीय नेताओं का आभारी हूं। मैं सबको साथ लेकर चलने की कोशिश करूंगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications