इजरायली प्रतिनिधिमंडल ने किया पर्यटन स्थलों का निरीक्षण
पिछले वर्ष मुंबई में हुए आतंकवादी हमले जिसमें 170 लोग मारे गए थे, की चर्चा करते हुए शनिवार को पुलिस अधीक्षक आत्माराम देशपाण्डे ने पत्रकारों से कहा, "मुंबई में जो कुछ हुआ उसके बाद वे स्वाभाविक तौर पर यहां की सुरक्षा व्यवस्था देखना चाहेंगे।"
उन्होंने कहा, "मुंबई केवल 500 किलोमीटर दूर है और इजरायल से बहुत अधिक पर्यटक गोवा आते हैं।"
गोवा में इजरायल से कई हजार पर्यटक आते हैं। इनमें से ज्यादातर पूर्व सैनिक होते हैं जो सशस्त्र इजरायली सेना में एक अनिवार्य कार्यकाल पूरा करने के बाद हिमाचल प्रदेश-गोवा पर्यटन क्षेत्र की यात्रा करते हैं।
देशपाण्डे ने कहा, "वे हमारे मौसम में गोवा आते हैं। यह वह समय होता है जब हिमाचल प्रदेश के मनाली जैसे क्षेत्रों में पर्यटन का मौसम नहीं होता।"
उन्होंने कहा कि पुलिस के पास फिलहाल ठोस आंकड़ा नहीं है कि हर साल यहां कितनी संख्या में इजरायली पर्यटक आते हैं।
अधिकारी ने कहा कि राज्य में आने वाले प्रत्येक पर्यटक की सुरक्षा के लिए सभी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
इजरायली प्रतिनिधिमंडल उत्तरी गोवा के प्रार्थना स्थलों सहित उन सभी स्थानों की यात्रा करेगा जहां इजरायली पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंचते हैं।
इजरायल की सरकार कई यात्रा परामर्श जारी करती रही है जिसमें उसने अपने पर्यटकों से गोवा सहित भारत के अन्य पर्यटन स्थलों की यात्रा करते समय सावधानी बरतने को कहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications