'आतंकवादी हमलों की साजिश के बारे में भारत को सूचित किया गया था'
शिकागो में रहने वाले पाकिस्तानी मूल के दो नागरिक लश्कर की सहायता से भारत पर हमले की योजना बना रहे थे। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इयान कैली ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि भारत को इस संबंध में सूचित कर दिया गया था।
कैली ने कहा, "मैं जानता हूं कि भारत में हमारे राजदूत ने इस मामले से भारत सरकार को अवगत करा दिया था और हम इस मामले की जांच कर रहे हैं।"
गिरफ्तार दोनों लोगों से हुई पूछताछ के बारे में कैली ने विस्तृत जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा, "पूछताछ के बारे में विस्तृत जानकारी मुहैया कराने के लिए मैं स्वतंत्र नहीं हूं।"
कैली ने कहा कि यह कानूनी मसला है और न्याय विभाग के दायरे में आएगा। उन्होंने कहा, "लेकिन मैं जानता हूं कि इस मामले के बारे में भारत को व्यापक स्तर पर जानकारी दे दी गई थी। "
शिकागो संघीय अदालत में लोक अभियोजक ने मंगलवार को कहा था कि शिकागो का एक व्यापारी तहव्वुरा हुसैन राणा ने लश्कर के सहयोग से भारत के नेशनल डिफेंस कालेज पर हमले करने के संबंध में डेविड कोलमैन हेडली से चर्चा की थी।
राणा पाकिस्तानी मूल का कनाडियाई नागरिक है जबकि हेडली का पूर्व नाम दाऊद गिलानी है। इन दोनों पर डेनमार्क के एक समाचार पत्र पर भी हमले की साजिश रचने का आरोप है। इस समाचार पत्र ने वर्ष 2005 में पैगंबर मोहम्मद के 12 कार्टून प्रकाशित किए थे।
हेडली और राणा के संबंध में अधिक जानकारी हासिल करने और पूछताछ के संबंध में भारत के खुफिया विभाग रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) और खुफिया ब्यूरो (आईबी) के अधिकारियों का एक दल सोमवार को अमेरिका पहुंचा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications