पाकिस्तान में 12 आतंकवादी ढेर
इस्लामाबाद, 7 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर हिस्से में तालिबानी आतंकवादियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 12 आतंकवादी मारे गए। यह जानकारी सेना ने शनिवार को दी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सुरक्षा बलों की दक्षिणी वजीरिस्तान में तालिबान के गढ़ मकीन पर कब्जा करने की कार्रवाई में आठ आतंकवादी मारे गए जबकि दो अधिकारियों समेत सेना के तीन जवान घायल हो गए। आतंकवादियों के ठिकानों से बड़ी मात्रा में गोला बारूद बरामद किया गया है।
सरारोगहा में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में चार तालिबानी मारे गए।
पाकिस्तानी सुरक्षा बलों का तालिबानी और अल कायदा आतंकवादियों के खिलाफ अक्टूबर के मध्य से अभियान जारी है।
सेना के अधिकारियों का कहना है कि दो हफ्तों की कार्रवाई में 450 से ज्यादा आतंकवादी मारे जा चुके हैं और अन्य अपना गोला-बारूद वहीं छोड़कर वहां से भाग रहे हैं। सेना के 42 जवानों को भी अपनी जान गंवानी पड़ी है।
उधर तालिबान ने सरकारी दावों को गलत बताते हुए कहा है कि उसके सदस्य सरकारी सुरक्षा बलों के खिलाफ छापामार युद्ध करने लिए अपने ठिकानों पर दोबारा काबिज हो रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications