छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने स्कूल की इमारत उड़ाई (लीड-1)
रायपुर, 7 नवंबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने सरकारी इमारतों पर हमलों में तेजी लाते हुए शुक्रवार रात दंतेवाड़ा जिले में एक स्कूल की इमारत को विस्फोट से उड़ा दिया।
पुलिस मुख्यालय के एक अधिकारी ने आईएएनएस को शनिवार को बताया कि शुक्रवार रात फुलपर गांव में प्राथमिक स्कूल की एक इमारत के बड़े हिस्से को 80 से 100 नक्सलियों ने विस्फोट से नष्ट कर दिया।
इस घटना के बाद कुआकोंडा थाने के पुलिसकर्मियों और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों ने मौके पर पहुंचकर हमलावरों को पकड़ने के लिए नजदीकी वन क्षेत्र में तलाशी अभियान शरु कर दिया।
यह विद्यालय राजधानी रायपुर से करीब 400 किलोमीटर की दूरी पर है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों ने पिछले दो वर्षो में दंतेवाड़ा और बीजापुर जिलों के स्कूलों की 80 इमारतों को आग लगा चुके हैं।
पुलिस का कहना है कि उसे नक्सल बहुल इलाकों से ऐसे पर्चे मिले हैं जिनमें नक्सलियों ने कहा है कि वे स्कूल और अस्पतालों की इमारतों को निशाना बना रहे हैं क्योंकि ये सुरक्षाकर्मियों को आश्रय देती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications