येदियुरप्पा दिल्ली में, रेड्डी गए हैदराबाद (लीड-1)
असंतुष्ट खेमे के नेता पर्यटन मंत्री जी. जनार्दन रेडड्ी ने हालांकि दिल्ली में केंद्रीय नेताओं के साथ चार दिनों तक चली बातचीत के बाद भी अपने रुख में किसी तरह की नरमी का संकेत नहीं दिया।
रेड्डी ने हैदराबाद में शुक्रवार देर शाम संवाददाताओं से कहा, "मैं आश्वस्त हूं कि केंद्रीय नेतृत्व दो-तीन दिन में कोई सही फैसला लेगा।"
रेड्डी असंतुष्ट खेमे के विधायकों और मंत्रियों से मिलने शुक्रवार शाम हैदराबाद पहुंचे। येदियुरप्पा को पद से हटाने के लिए कुछ मंत्रियों के साथ ही करीब 40 विधायक पिछले एक सप्ताह से हैदराबाद के एक सितारा होटल में ठहरे हुए हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के आवास पर हुई बैठक के बाद शुक्रवार शाम नई दिल्ली में येदियुरप्पा ने कहा, "मुझे केंद्रीय नेताओं ने दिल्ली में एक दिन और रहने को कहा है और मैं रुक रहा हूं।"
इस बैठक में पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह, वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू, अरुण जेटली और सुषमा स्वराज शामिल थे।
रेड्डी और येदियुरप्पा दिन भर दिल्ली में थे हालांकि वह येदियुरप्पा से मिले बगैर ही हैदराबाद लौट गए। केंद्रीय नेताओं ने रेड्डी को येदियुरप्पा से मिलवाने का दो बार प्रयास किया लेकिन दोनों ही प्रयास विफल रहे।
इससे पहले रेड्डी ने शुक्रवार को एक बार फिर वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज और वेंकैया नायडू से मुलाकात की। इन नेताओं से मुलाकात के बाद रेड्डी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि उनकी मांगों में कोई बदलाव नहीं है। येदियुरप्पा से बेहतर नेतृत्व की हमारी मांग कायम है।
उन्होंने कहा, "मैं पिछले कुछ दिनों से यहां हूं और अपने विचारों से केंद्रीय नेतृत्व का अवगत करा रहा हूं। आज भी मैं केंद्रीय नेताओं के समक्ष यही मांगे रखी हैं।"
इससे पहले खबर आई थी कि असंतुष्टों की मांगों के आगे झुकते हुए मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने अपने प्रमुख सचिव वी. पी. बलिगर का तबादला कर दिया है लेकिन इसके बावजूद असंतुष्ट खेमा येदियुरप्पा को हटाए जाने की अपनी मांग पर अड़ा हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कर्नाटक के 1980 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी बलिगर का उद्योग और वाणिज्य विभाग में प्रमुख सचिव के पद तबादला कर दिया। उन्होंने 1986 बैच के आईएएस अधिकारी आई. एस. एन प्रसाद को अपना सचिव नियुक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि बलिगर को हटाया जाना असंतुष्ट खेमे की मांगों में एक था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications