राजद सांसद पर मारपीट का मामला दर्ज
पटना के शास्त्रीनगर थाना में गुरुवार को सांसद और उनके रिश्तेदारों के खिलाफ एक मामला दर्ज कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
पुलिस के अनुसार शिवजी यादव द्वारा दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि सांसद, उनकी पत्नी और उनके साले पंकज अपने कुछ साथियों के साथ मंगलवार और बुधवार की रात में उनके आवास पर आए और घर का दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया। साथ ही अन्य परिजनों को जान से मारने की धमकी दी।
शास्त्रीनगर थाना के प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार रात शिवजी के आवास के पास पुलिस ने छापामारी की जहां से एक मोटरसाईकिल और एक पिस्तौल बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस को देख भाग रहे दो लोगों पप्पु कुमार व राहुल कुमार को गिरफ्तार भी किया।
पटना के नगर पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच करने में जुटी है।
उधर, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और राज्यसभा सांसद सुभाष यादव ने इस मामले पर कहा कि उन पर तथा उनके परिवार पर लगाया गया आरोप बेबुनियाद है। उन्होंने कहा कि एक साजिश के तहत उनके तथा उनके परिजानों को फंसाया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications