हिमाचल में बस दुर्घटना में 35 मरे (लीड-2)
कांगड़ा के उप मंडलीय अधिकारी (एसडीएम) राकेश शर्मा ने आईएएनएस से कहा कि बस नागरोटा सुरयान से डेहरा जा रही थी। बस कांगड़ा जिले के हरिपुर में एक गहरी खाई में गिर गई।
शर्मा ने कहा कि हादसे में कम से कम 35 लोगों की मौत हो गई और 26 अन्य घायल हो गए। करीब 16 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा कि अधिकांश यात्री डेहरा और आसपास के इलाके के थे।
उन्होंने कहा कि कहा कि दुर्घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है। सभी घायलों को टांडा स्थित राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि बस पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे और संभवत: चालक ने बस पर से अपना नियंत्रण खो दिया जिस वजह से बस फिसल कर खाई में गिर गई।
राज्य के परिवहन मंत्री मोहिंदर सिंह ने बताया कि सरकार ने इस दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
उन्होंने कहा, "कांगड़ा के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट इस मामले की जांच करेंगे और एक महीने के भीतर जिला प्रशासन को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे।"
उन्होंने कहा कि सरकार ने मृतकों के परिजनों को एक लाख-एक लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है और कहा है कि घायलों के इलाज में होने वाला खर्च सरकार वहन करेगी।
दुर्घटना स्थल प्रदेश की राजधानी शिमला से करीब 250 किलोमीटर दूर है।
पुलिस रिकार्ड के अनुसार लापरवाही से वाहन चलाने, अप्रशिक्षित चालक, वाहन पर क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने, जर्जर बसें और खस्ताहाल सड़कें हिमाचल प्रदेश में बढ़ती दुर्घटना की प्रमुख वजहें हैं। पिछले 10 साल प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में 8,000 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications