भारत कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्यों के लिए तैयार नहीं : प्रधानमंत्री
संवाददाताओं ने जब प्रधानमंत्री से पूछा कि क्या भारत कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्यों का निर्धारण करेगा, इस पर मनमोहन सिंह ने कहा, "हम उस स्तर पर अभी नहीं पहुंच पाए हैं। हम उसकी संभावना तलाशेंगे।"
मनमोहन सिंह ने यहां 10वें भारत-ईयू शिखर सम्मेलन के समापन अवसर पर कहा, "हम सभी को एक साथ मिल कर काम करने की जरूरत है। जलवायु परिवर्तन से मुकाबले के लिए हमारे पास एक बहुत ही महत्वाकांक्षी राष्ट्रीय योजना है।"
मनमोहन सिंह और ईयू के नेताओं के बीच हुई बातचीत में जलवायु परिवर्तन पर चर्चा की गई। इस बातचीत में ईयू नेताओं में स्वीडिश प्रधानमंत्री फ्रेडरिक रीनफील्ड और यूरोपीय अयोग के अध्यक्ष जोस मैनुएल बारोसो शामिल थे।
रीनफील्ड ने कोपनहेगन में प्रस्तावित जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र के महत्वपूर्ण शिखर सम्मेलन में किसी सहमति पर पहुंचने के लिए भारत से सहयोग मांगा।
रीनफील्ड ने कहा, "हमने ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन के शमन की कीमतें निर्धारित कर ली हैं। वर्ष 2020 तक हमें इसके लिए 100 अरब यूरो की आवश्यकता है। हमें पता चला है कि भारत में महत्वाकांक्षी योजनाएं हैं, लेकिन हम इस मामले में हर किसी से कार्रवाई चाहते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications