लश्कर की साजिश के बारे में पाक से कोई जानकारी नहीं मिली : प्रधानमंत्री
मनमोहन सिंह ने यहां संवाददाताओं को बताया, "लश्कर-ए-तैयबा की साजिश के बारे हमें पाकिस्तान से कोई सूचना नहीं मिली है।"
प्रधानमंत्री उस सवाल पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें उनसे लश्कर-ए-तैयबा द्वारा भारत में हमले की उस साजिश के बारे में पूछा गया था, जिसमें अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली और शिकागो निवासी पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक तहव्वुर हुसैन राणा की कथित संलिप्तता की बात उजागर हुई है। इस साजिश का एफबीआई ने कुछ दिनों पहले ही पर्दाफाश किया था।
इसके पहले गृह मंत्री पी.चिदंबरम ने दिन में कहा था कि हेडली का निश्चित रूप से पाकिस्तान से संपर्क है। चिदंबरम ने यहां संवाददाताओं को बताया, "इस मामले में निश्चित रूप से पाकिस्तान का जुड़ाव है। हेडली ने कई बार पाकिस्तान का दौरा किया है।"
चिदंबरम 10वें भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) शिखर सम्मेलन के समापन मौके पर स्वीडिश प्रधानमंत्री और ईयू की स्वीडिशा प्रेसीडेंसी के अध्यक्ष फ्रेडरिक रीनफील्ड तथा यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष जोस मैनुएल बारोसो के साथ संयुक्त रूप से संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मनमोहन सिंह ने कहा, "हमने अफगानिस्तान और पाकिस्तान के हालात की समीक्षा की और आतंकवाद से मुकाबले के लिए ठोस अंतर्राष्ट्रीय कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया है।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "अफगानिस्तान और पाकिस्तान में जो कुछ घटता है वह दुनिया के किसी भी देश से ज्यादा हम पर असर डालता है। अफगानिस्तान और पाकिस्तान की स्थिरता, प्रगति तथा वहां की शांति में हमारी महत्वपूर्ण भागीदारी है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications