भारत यात्रा से उत्साहित हैं पाक कलाकार
समाचार पत्र 'द न्यूज' ने शुक्रवार को इस संबंध में खबर प्रकाशित की है। समाचार पत्र के अनुसार 'नेशनल एकेडमी ऑफ परफॉर्मिग आर्ट' (एनएपीए) के छात्र अमृतसर में आयोजित 'साउथ एशिया फाउंडेशन फेस्टीवल फॉर पीस 2009' में अपनी सफल प्रस्तुति देने के बाद पिछले सप्ताह ही पाकिस्तान की आर्थिक राजधानी कराची लौटे हैं।
अपने कार्यक्रम में उन्होंने जेन अहमद के निर्देशन में प्रयोगात्म नाटक 'जाने पहचाने अजनबी' की प्रस्तुति दी थी।
नाटक के कलाकारों में से एक जीशान हैदर का कहना है, "हमें बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली और लोगों ने पाकिस्तानी की ओर से प्रस्तुत किए गए इस प्रयोगात्मक नाटक का जोर-शोर से स्वागत किया।"
उन्होंने कहा कि इस प्रस्तुति की खास बात यह थी कि इसमें मेज, कुर्सियों का इस्तेमाल नहीं किया गया था। जब भी मेज या कुर्सी की आवश्यकता होती थी तो कलाकार ही मेज-कुर्सी बन जाते थे।
नाटक के अन्य कलाकारों में अली रिजवी, पारस मंसूर, एमान तारिक, काशिफ फराद, फरहान साकिब खान, मारिया रबाब और मोहसिन अली शामिल थे।
'साउथ एशिया फाउंडेशन फेस्टीवल फॉर पीस' एक 15 दिवसीय समारोह था जिसमें भारत सहित पाकिस्तान और बांग्लादेश के कलाकारों ने हिस्सा लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications