येदियुरप्पा बोले 5 साल चलेगी सरकार

येदियुरप्पा ने दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरने के साथ ही संवाददाताओं से कहा कि उनकी सरकार सुरक्षित है और वह पांच साल का अपना कार्यकाल पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष जगदीश शेट्टार से भी मुलाकात की है।
ज्ञात हो कि असंतुष्ट खेमा जगदीश शेट्टार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक येदियुरप्पा गुरुवार को कर्नाटक के असंतुष्टों के मुद्दे पर केंद्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा करेंगे। उधर असंतुष्ट खेमा दो दिनों से दिल्ली में डटा हुआ है।
एक दो दिन में खत्म हो जाएगा संकट
इसके पहले कर्नाटक के हुबली में संवाददाताओं के साथ बातचीत में येदियुरप्पा ने कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार का संकट एक या दो दिनों के भीतर समाप्त हो जाएगा। उन्होंने अपनी इस योजना के हिस्से के रूप में हुबली में सात नवंबर को एक सम्मेलन आयोजित करने की भी घोषणा की।
इसके पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष सदानंद गौड़ा ने इस संबंध में कहा था, "केंद्रीय नेतृत्व ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन नहीं होगा। इसके बावजूद जो थोड़ी बहुत परेशानियां हैं, उनको दूर करने के लिए मुख्यमंत्री येदियुरप्पा दिल्ली पहुंच रहे हैं।"
असंतुष्ट गुट का नेतृत्व कर रहे कर्नाटक के पर्यटन मंत्री जनार्दन रेड्डी की बुधवार को वरिष्ठ भाजपा नेता सुषमा स्वराज से हुई मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर गौड़ा ने कहा, "कोई भी असंतुष्ट अपनी बात रखने के लिए पार्टी के केंद्रीय नेताओं से मिल सकता है।" गौड़ा ने कहा कि वह सरकार के नहीं संगठन के व्यक्ति हैं और यहां केंद्रीय नेताओं को राज्य की स्थिति से अवगत कराने के लिए आए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications