झारखण्ड में भाजपा और जद
नई दिल्ली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। झारखण्ड में विधानसभा चुनाव में एक साथ लड़ने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (युनाइटेड) के बीच चली लंबी तकरार तलाक में तब्दील होते-होते बच गई। दोनों दलों में आखिकार सीटों का बंटवारा हो ही गया। इसके मुताबिक भाजपा 67 और जद (यु) 14 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। जद (यु) ने लगे हाथ अपने 14 उम्मीदवारों के नामों का एलान भी कर दिया।
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह और जद (यु) अध्यक्ष शरद यादव ने गुरुवार को संयुक्त रूप से इसकी घोषणा की। झारखण्ड में भाजपा 67 और जद (यु) 14 सीटों पर चुनाव लड़ेगा और दोनों दल संयुक्त रूप से चुनाव अभियान चलाएंगे।
इस समझौते की घोषणा करते हुए राजनाथ ने कहा कि जद (यु) के साथ उनकी पार्टी का पुराना गठबंधन है और दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। यह झारखण्ड की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप लिया गया फैसला है। दोनों दलों की राज्य इकाइयों के पदाधिकारियों के बीच बनी सहमति के बाद यह फैसला हुआ।
शरद यादव ने इस मौके पर कहा कि झारखण्ड चुनाव में भ्रष्टाचार और जल, जंगल व जमीन सबसे प्रमुख मुद्दा होगा।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के साथ सीटों के तालमेल को लेकर चली बातचीत असफल रहने के बाद बुधवार को जद (यु) ने अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी थी। पार्टी ने तो 19 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का भी एलान कर दिया था।
जद (यु) उम्मीदवारों की सूची इस प्रकार है-:
शिकारीपाड़ा (एस.टी.) - राजा मरांडी
सारठ - जयकुमार सिंह
देवघर (एस.सी.) - कामेश्वर नाथ दास
मांडू - खीरू महतो
डुमरी - दामोदर महतो
बोकारो - शैलेन्द्र महतो
चंदनक्यारी (एस.सी.) - हारू रजवार
बाघमारा - जलेश्वर महतो
तमाड़ (एस.टी.) - गोपाल कृष्ण पातर उर्फ राजा पीटर
पांकी - मधु सिंह
विश्रामपुर - सी.एस. दुबे
छतरपुर (एस.सी.) - सुधा चौधरी
हुसैनाबाद - दशरथ कुमार सिंह
भवनाथपुर - रामचन्द्र केसरी
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications