कर्नाटक में गहराया भाजपा का संकट, रेड्डी बंधुओं का येदियुरप्पा से मिलने से इंकार (लीड-2)
पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने गुरुवार को भले ही इस संकट को जल्द सुलझा लेने का दावा किया लेकिन असंतुष्ट हैं कि उनकी बात सुनने को तैयार नहीं। असंतुष्ट खेमे का नेतृत्व कर रहे कर्नाटक के पर्यटन मंत्री जी. जनार्दन रेड्डी ने गुरुवार को येदियुरप्पा से मिलने से साफ इंकार कर दिया।
राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की मांग को लेकर पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में डेरा डाले रेड्डी ने पार्टी के वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू से मुलाकात की। मुलाकात के बाद रेड्डी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "मैं मुख्यमंत्री से नहीं मिल रहा हूं।"
उल्लेखनीय है कि बुधवार शाम दिल्ली पहुंचे येदियुरप्पा ने सुलह के लिए अपने रुख में नरमी लाने का संकेत देते हुए कहा गुरुवार सुबह पत्रकारों से चर्चा में कहा कि वह रेड्डी बंधुओं से भी मिलने की कोशिश कर रहे हैं।
येदियुरप्पा ने भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह और उससे पहले वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू और सुषमा स्वराज से अलग-अलग मुलाकात की थी।
येदियुरप्पा से मुलाकात के संबंध में पूछे जाने पर राजनाथ ने संवाददाताओं से कहा, "जिस तरह से झारखण्ड में जनता दल (युनाइटेड) के साथ विवाद सुलझा लिया गया उसी तरह कर्नाटक विवाद भी जल्द सुलझ जाएगा।" उल्लेखनीय है कि भाजपा और जद (यु) झारखंड में मिलकर चुनाव लड़ने पर सहमत हो गए हैं।
कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की संभावना से इंकार करते हुए राजनाथ ने कहा कि उनके पास नेतृत्व परिवर्तन का सवाल ही नहीं आया। जो थोड़े बहुत मतभेद हैं, उन्हें सुलझाने की कोशिशें हो रही है। इन्हें जल्द ही सुलझा लिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications