पाक में आतंकवाद के खिलाफ जंग से प्रवासी पक्षी भी प्रभावित (लीड-1)
एक पाकिस्तानी अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई से 'पक्षियों के मार्ग प्रभावित हुए हैं', जिससे कई प्रवासी पक्षियों को यहां पहुंचने में देरी हो रही है।
गौरतलब है कि साइबेरिया से बड़ी संख्या में पक्षी 4,500 किलोमीटर का लंबा रास्ता तय करके दक्षिण एशिया पहुंचते हैं और यहां के विभिन्न जलाशयों का रुख करते हैं।
सिंध वन्यजीव विभाग (एसडब्ल्यूडी) के अधिकारियों का मानना है कि सिंध में इन दिनों आने वाले अप्रवासी पक्षियों की संख्या में कमी आई है। अधिकारियों ने आतंकवाद के खिलाफ चल रही लड़ाई को इसकी बड़ी वजह बताया है।
एसडब्ल्यूडी के उपसंरक्षक गुलाम सरवर जमाली ने कराची में गुरुवार को समाचार पत्र 'द न्यूज' को बताया कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान में आतंकवादियों के खिलाफ चल रही सेना की कार्रवाई ने पक्षियों के स्वाभाविक रास्तों को प्रभावित किया है।
जमाली ने कहा, "पक्षियों का मार्ग प्रभावित हुआ है और इस वजह से वे दूसरी जगह जाने को मजबूर हुए हैं।"
पर्यावरणविदों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन से भी सिंध क्षेत्र में प्रवासी पक्षियों का आगमन प्रभावित हो रहा है। वैसे हर साल इस क्षेत्र में अक्टबूर मध्य में प्रवासी पक्षी पहुंच जाते हैं लेकिन इस बार ऐसा नहीं हो रहा है। इसका कारण यह है कि इस बार ठंड ने अब तक दस्तक नहीं दी है।
वन्य अधिकारियों का कहना है कि कुछ प्रवासी पक्षी सिंध के उत्तरी इलाके में पहुंच गए हैं लेकिन इनकी संख्या काफी कम है। इन पक्षियों ने लारकाना और दादू जिलों में दस्तक दी है।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तानी सेना तालिबान लड़ाकों के खिलाफ दक्षिणी वजीरिस्तान के पहाड़ी इलाकों में जंग लड़ रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications