विशेष जांच दल कर रहा सत्यम मामले की जांच : खुर्शीद
इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेकेट्ररी ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) के एक सम्मेलन के अवसर पर खुर्शीद ने संवाददाताओं से कहा, "एसएफआईओ कंपनी कानून के उल्लंघन की जांच जारी रखे हुए है और जांच अंतिम चरण में है।"
उन्होंने कहा कि अधिकांश कार्य पहले ही पूरा हो चुका है और कुछ छोटे-मोटे काम बाकी हैं।
एसएफआईओ को जांच रोकने के लिए कहे जाने संबंधी रिपोर्टों को आधारहीन करार देते हुए मंत्री ने कहा कि विदेशों में हुई धोखाधड़ी की जांच एसएफआईओ नहीं कर सकती, इस क्षेत्र की जांच प्रवर्तन निदेशालय करता है।
खुर्शीद ने कहा कि एसएफआईओ के कार्य कंपनी कानून के उल्लंघन से संबंधित हैं। कंपनी कानून के उल्लंघन के सिविल और आपराधिक दोनों पहलू हैं। एसएफआईओ अपने क्षेत्र से संबंधित मामलों की जांच करेगी और आरोपी पर मुकदमा चलाएगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय दंड संहिता से संबंधित मामलों की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) करेगा। विदेशी मुद्रा विनियम से संबंधित मामलों को प्रवर्तन निदेशालय देखेगा और राजस्व से संबंधित मामलों को राजस्व सेवा देखेगी।
खुर्शीद ने कहा कि नए कंपनी कानून के तहत एसएफआईओ को एक प्रभावी जांच एजेंसी बनाने के लिए उसे विशेष शक्तियां दी जाएंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications