कोड़ा जनरल वार्ड में, प्रवर्तन निदेशालय गिरफ्तारी की तैयारी में जुटा
अस्पताल के चिकित्सकों ने आईएएनएस को बताया कि अगले एक या दो दिनों में चिकित्सक कोड़ा की सेहत पर नजर रखेंगे। और इसके बाद उनको अस्पताल से छुट्टी देने पर फैसला होगा। कोड़ा को पेट दर्द, उल्टी और उच्च रक्तचाप की शिकायत के बाद मंगलवार को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
निदेशालय का एक दल कोड़ा से पूछताछ के लिए रांची में है। कोड़ा को इस संबंध में एक नोटिस जारी कर 9-11 नवंबर के बीच पूछताछ के लिए तलब किया गया है। अपालो प्रबंधन की ओर से निदेशालय के दल को कोड़ा की सेहत की जानकारी दी जा रही है।
अस्पताल से छुट्टी नहीं मिलने की सूरत में कोड़ा की गिरफ्तारी की जाएगी और प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों की निगरानी में उनका इलाज जारी रहेगा। आयकर विभाग के निदेशक (जांच) उज्वल चौधरी ने बताया कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उनसे पूछताछ होगी।
कोड़ा पर 2,500 करोड़ रुपयों के गैर कानूनी लेन-देन का आरोप है। उन पर आरोप है कि इस राशि में से 550 करोड़ रुपये की रकम उन्होंने हवाला के जरिये या अवैध धन को वैध बनाकर दुबई, थाईलैंड, लाइबेरिया और मलेशिया भिजवाई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications