800 लामा करेंगे दलाई लामा का स्वागत

वरिष्ठ बौद्ध आध्यात्मिक नेता और पूर्व मंत्री टी. जी. रिनपोचे ने आईएएनएस से कहा, "दलाई लामा का धार्मिक स्वागत करने के लिए 700 से 800 भिक्षुओं के साथ सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं।" रिनपोचे तवांग मठ और एक स्कूल के खेल के मैदान में चल रही सभी तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। दलाई लामा सोमवार से इस मैदान में अपना तीन दिवसीय धार्मिक प्रवचन देंगे।
मठों में चल रहीं प्रार्थनाएं
ऐतिहासिक तवांग मठ के एक पुजारी जे. पी. शास्त्री का कहना है, "तैयारियों के साथ दलाई लामा की सुरक्षित यात्रा के लिए सभी मठों में प्रार्थनाएं की जा रही हैं।" तिब्बती नेता रविवार को अरूणाचल प्रदेश के तवांग मठ पहुंचेंगे। यह चीन की सीमा से लगा हुआ इलाका है, जिस पर चीन अपना हक जताता रहा है।
रिनपोचे ने कहा, "पूरे शहर और मठ ने एक नया रूप ले लिया है। श्रद्धालु दलाई लामा की यात्रा के प्रति उत्साहित हैं।" दलाई लामा के तवांग में एक विशेषीकृत अस्पताल का उद्घाटन करने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि 1959 में दलाई लामा तवांग के रास्ते भारत में प्रवेश किए थे। तब से वह यहीं रह रहे हैं। वह 12 नवम्बर को राजधानी ईटानगर के लिए रवाना होने से पहले बोमडील्ला और डीरांग की भी यात्रा करेंगे। 15 नवम्बर को उनके दौरे का समापन होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications