पाकिस्तानी सेना का तालिबान के गढ़ पर हमला, 30 आतंकी ढेर
इस्लामाबाद, 4 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने दक्षिण वजीरिस्तान में तालिबान के एक गढ़ पर हमला कर कम से कम 30 आतंकियों को मार गिराया है।
सेना की ओर से बुधवार को कहा गया है कि सुरक्षा कर्मियों द्वारा हमला बोले जाने के बाद लाढा कस्बे में भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई। इस दौरान बुधवार की शाम तक 30 आतंकियों को मार गिराया गया है। मुठभेड़ में आठ सैनिक घायल हो गए हैं।
दक्षिण वजीरिस्तान में लगभग 10,000 तालिबान आतंकियों से निपटने के लिए इलाके में लगभग 30,000 सैनिकों को तैनात किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार 17 अक्टूबर से पाकिस्तानी सेना द्वारा शुरू की गई कार्रवाई में अब तक कम से कम 400 आतंकी मारे जा चुके हैं।
एक अलग घटना में स्वात और मलकंद क्षेत्रों में बुधवार को 24 आतंकियों को दबोच लिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications