नेपाल को 20 करोड़ डॉलर का ऋण देगा चीन
नेपाल के वित्त मंत्री सुरेंद्र पांडे ने चीन के सरकारी स्वामित्व वाले एक्जिम बैंक के साथ बुधवार को हुए समझौते के बाद संवाददाताओं को बताया कि चीन की मदद से नेपाल के नुवाकोट जिले में अपर त्रिशूली विद्युत परियोजना तीन वर्षो के भीतर पूरी कर ली जाएगी।
एक्जिम बैंक के उपाध्यक्ष लि जुन और नेपाल के वित्त सचिव रामेश्वर प्रसाद खनल ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत चीन 1.75 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर नेपाल को यह ऋण मुहैया कराएगा।
नेपाली वित्त मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि उपलब्ध कराए जाने वाले ऋण से 12 करोड़ डॉलर की राशि नई जल विद्युत परियोजना के लिए खर्च की जाएगी। बाकी राशि अन्य परियोजनाओं पर खर्च की जाएगी।
पांडे ने कहा कि नेपाल विद्युत प्राधिकरण इस सप्ताह उस कंपनी का नाम घोषित कर देगा, जिसे इस परियोजना के क्रियान्वयन के लिए चुना गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications