कोड़ा का मकान जब्त, स्विस बैंक से संपर्क की जांच शुरू (लीड-1)
सूत्रों ने कहा है कि कोड़ा के रांची आवास पर छापेमारी के दौरान आयकर (आईटी) अधिकारियों ने रुपये गिनने की चार मशीनें, निवेश के कागजात, नकदी, जेवरात, एक लैपटाप और कंप्यूटर हार्ड डिस्क जब्त किया है।
आईटी विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "कोड़ा का रांची स्थित आवास जब्त कर लिया गया है। उनके आवास पर तलाशी अभियान पूरा हो चुका है और महत्वपूर्ण कागजात व अन्य सामग्रियां जब्त कर ली गई हैं।"
जब्त की गई सामग्री का मूल्यांकन और सत्यापन किया जाएगा। आयकर और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारी कोड़ा से पूछताछ करेंगे।
प्रवर्तन निदेशालय ने रांची के अपोलो अस्पताल से झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की सेहत के बारे में रिपोर्ट मांगी है ताकि 2,500 करोड़ रुपये के घोटाले के आरोपी कोड़ा से पूछताछ की जा सके।
निदेशालय ने अस्पताल प्रबंधन से कहा है कि बिना उसे सूचना दिए कोड़ा को छुट्टी न दी जाए। कोड़ा को पेट दर्द, उल्टी और उच्च रक्त चाप की शिकायत के बाद मंगलवार को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मंगलवार की रात निदेशालय ने अस्पताल को एक पत्र भेजा है जिसमें कोड़ा की सेहत और उनकी बीमारियों के बारे में रिपोर्ट मांगी गई है।
अपोलो अस्पताल के प्रवक्ता जावेद अख्तर ने बुधवार को आईएएनएस को बताया, "कोड़ा की हालत स्थिर है और अब उन्हें सामान्य वार्ड में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। हमें प्रवर्तन निदेशालय की ओर से एक पत्र मिला है। हम कोड़ा के सेहत से जुड़ी रिपोर्ट आज निदेशालय को सौंप देंगे।"
सूत्रों के मुताबिक निदेशालय का एक दल कोड़ा से पूछताछ के लिए रांची पहुंचा है। कोड़ा को इस संबंध में एक नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया गया था।
सूत्रों के अनुसार आईटी विभाग को एक ऐसे व्यक्ति के बारे में पता चला है, जिसने स्विस बैंक में कोड़ा के करोड़ों रुपये जमा कराने में कथित रूप से मदद की है। सुरक्षा कारणों से उस व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications