अमेरिकी खुलासे के बाद राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय सुरक्षा बढ़ाई गई
रक्षा राज्यमंत्री एम.एम.पल्लम राजू ने यहां आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि आतंकी हमले की संभावना के मद्देनजर सुरक्षा के उपाय किए जा रहे हैं।
राजू ने संवाददाताओं को बताया, "संभावित खतरे और आतंकियों के संभावित लक्ष्य की लगातार समीक्षा की जा रही है। मैं आपको बताना चाहता हूं कि ऐसी स्थिति से मुकाबले के लिए उचित उपाय किए गए हैं।"
अमेरिकी समाचार पत्रों ने खबर दी है कि पाकिस्तान मूल के शिकागो निवासी दो व्यक्ति एनडीसी पर हमले की योजना बना रहे थे। इन दोनों पर आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के साथ मिल कर भारत और डेनमार्क में आतंकी हमले की साजिश रचने का आरोप है।
शिकागो के गिरफ्तार व्यापारी तहाव्वुर हुसैन राणा के बारे में शिकागो की एक अदालत में मंगलवार को दायर किए गए आरोप पत्र में संघीय वकीलों ने कहा है कि उसने पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली के साथ एनडीसी पर हमले के बारे में चर्चा की थी।
पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक राणा और हेडली पर डेनमार्क के समाचार पत्र जिलैंड्स-पोस्टन पर हमले की साजिश रचने का आरोप है। इस अखबार ने वर्ष 2005 में पैगम्बर मुहम्मद पर 12 कार्टून प्रकाशित किए थे, जिस पर पूरी मुस्लिम दुनिया में तीखी प्रतिक्रिया हुई थी। हेडली पहले दाऊद गिलानी के नाम से जाना जाता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications