प्रधानमंत्री ने पीजीआईएमईआर में युवक की मौत पर खेद व्यक्त किया
नई दिल्ली, 4 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने बुधवार को उस युवक के परिवार के सदस्यों को पत्र लिखकर खेद जाहिर किया है जिसकी मौत मंगलवार को चण्डीगढ़ के स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) में उनके दौरे के समय हो गई थी।
प्रधानमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया, "प्रधानमंत्री ने युवक के परिवार को पत्र लिखकर इस घटना पर खेद व्यक्त किया है।"
अधिकारी के अनुसार प्रधानमंत्री ने लिखा है कि युवक की मौत दुर्भाग्यपूर्ण हालात में हुई।
युवक के परिजनों का आरोप है कि गुर्दारोग से पीड़ित 32 वर्षीय सुमित प्रकाश वर्मा के वाहन को पीजीआईएमईआर के आपातकालीन द्वार पर सुरक्षा कारणों से प्रवेश की अनुमति नहीं मिली, जिस वजह से उनकी मौत हो गई।
वर्मा के परिजनों ने आरोप लगाया कि अंबाला से चण्डीगढ़ पहुंचने के बाद पीजीआईएमईआर के विभिन्न द्वारों पर उनके वाहन को रोका गया। वर्मा के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।
युवक की मौत के फौरन बाद प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस संबंध में पीजीआईएमईआर से रिपोर्ट मांगी। हालांकि अस्पताल प्रशासन का कहना है कि किसी को भी परिसर में दाखिल होने से नहीं रोका गया।
वर्मा के परिजनों ने बुधवार को मांग की कि युवक के परिजनों को मुआवजा और उसके रिश्तेदार को नौकरी मिलनी चाहिए क्योंकि प्रधानमंत्री के सुरक्षा इंतजाम की वजह से उन्हें अस्पताल में दाखिल होने में वक्त लगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications