वाहन चोरी के आरोप में पटना में प्रोफेसर गिरफ्तार
पटना, 4 नवंबर (आईएएनएस)। पटना के गुरु गोविंद सिंह कॉलेज में रसायन शास्त्र के प्रोफेसर अमरनाथ गुप्ता को वाहन चोरी करने तथा वाहन चोर गिरोह को संचालित करने के कथित आरोप में मंगलवार को पटना के राजेंद्र नगर इलाके में स्थित उनके घर से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार दो दिन पूर्व कैमूर जिले के बमहोर गांव निवासी राजू कुमार ने मोहनिया थाना में एक मामला दर्ज कराया था जिसमें उसने एक स्कॉर्पियो वाहन को फर्जी तरीके से बेचने का आरोप अमरनाथ गुप्ता और एक मिष्ठान भंडार के मालिक गिरजा प्रसाद केसरी पर लगाया था। दर्ज प्राथ्मिकी में कहा गया था कि इन दोनों ने मिलकर उसे चोरी की स्कॉर्पियो बेची थी।
मोहनिया के पुलिस उपाधीक्षक पंकज सिन्हा ने बुधवार को बताया," दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि इन दोनों ने मिलकर जो स्कॉर्पियो बेची थी उसका इंजन और चेसिस नंबर गाड़ी से अलग है। इसी प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने भभुआ से गिरजा प्रसाद को गिरफ्तार किया और उससे पूछताछ के बाद पुलिस की एक टीम ने मंगलवार को पटना से प्रोफेसर को गिरफ्तार किया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications