बस किराए में वृद्धि से परेशान हैं दिल्लीवासी
कश्मीरी गेट बस टर्मिनल से बस में चढ़े अतुल किशन कहते हैं, "यदि सरकार किराए में वृद्धि कर रही है तो उसे बेहतर बस सेवा भी सुनिश्चित करना चाहिए।"
नई जारी की गई किराया सूची के मुताबिक बस का न्यूनतम किराया पांच रुपये होगा। सात रुपये में मिलने वाला टिकट अब 10 रुपये में और 10 रुपये में मिलने वाला टिकट 15 रुपये में मिलेगा। डीटीसी की वातानुकूलित बसों में तीन किलोमीटर तक की यात्रा के लिए यात्रियों को 10 रुपये किराया देना होगा, जबकि तीन से 10 किलोमीटर दूरी की यात्रा के लिए 15 रुपये देने होंगे और 10 किलोमीटर से ज्यादा दूरी की यात्रा के लिए 25 रुपये किराया देना होगा।
किशन ने कहा, "मैं पिछले 30 मिनट से नोएडा जाने वाली बस का इंतजार कर रहा हूं। सरकार का दावा है कि उसने बेहतर सुविधा के चलते किराए में वृद्धि की है लेकिन मेरी बस की आवृत्ति अब भी कम है। हमारी मुख्यमंत्री किस सुविधा की बात कर रही हैं।"
एक अन्य नाराज यात्री 21 वर्षीय छात्रा नवनीत कौर कहती हैं उन्हें आने-जाने के लिए सीमित जेब खर्च मिलता है और किराया बढ़ना उनके लिए अच्छा नहीं है।
नवनीत ने आईएएनएस से कहा, "डीटीसी की बसें कम होने की वजह से स्टूडेंट पास से बहुत अधिक मदद नहीं मिल पाती है। मैं मेट्रो और बस दोनों से यात्रा करती हूं। भविष्य में परेशानी बढ़ सकती है क्योंकि सरकार मेट्रो का भी किराया बढ़ाने की योजना बना रही है।"
हाल ही में दिल्ली के एक वकील ने दिल्ली सरकार के बसों का किराया बढ़ाने के निर्णय को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी है। उन्होंने इस वृद्धि को 'अनुचित' बताया है।
वकील मनोहर लाल शर्मा ने उच्चतम न्यायालय में दायर किए गए मुकदमे में कहा है, "सरकार का निर्णय अनुचित है और इससे दिल्ली के गरीबों की जीविका पर अतिरिक्त भार बढ़ गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications