वायरलैस कंप्यूटर लैब ने बदला नेपाल के गांवों में शिक्षा का अंदाज
पोखरा (नेपाल), 3 नवंबर (आईएएनएस)। नेपाल में नई वायरलैस कंप्यूटर लैब की शुरुआत होने के साथ यहां के बच्चे कंप्यूटर को जानने और उसके उपयोग को समझने लगे हैं।
जिला प्रशासन द्वारा संचालित अमर ज्योति गांवफरका माध्यमिक विद्यालय में एक नई वायरलैस कंप्यूटर लैब शुरू की गई है।
वायरलैस कंप्यूटर लैब परियोजना की शुरुआत स्थानीय समुदाय, शिक्षा विभाग, नेपाल दूरसंचार और स्वयंसेवी संगठन 'रूम टू रीड' ने संयुक्त रूप से की है। इस चट्टानी इलाके में भूमिगत तार बिछाना मुश्किल है इसलिए लैब में '3जी सीडीएमए ब्रॉडबैंड' के जरिए इंटरनेट जोड़ा गया है। चिप निर्माता 'क्वेलकॉम' ने यह सेवा उपलब्ध कराई है।
एक सप्ताह पहले तक यहां के बच्चों को कंप्यूटर के संबंध में कोई जानकारी नहीं थी। अब उनसे यदि बेल्जियम की राजधानी का नाम पूछा जाए तो ये सभी 25 बच्चे पांच मिनट के अंदर गूगल पर खोजकर अपने जवाब खोज लेते हैं। ये बच्चे मध्य नेपाल के जालजेल गांव के कक्षा नौ के छात्र हैं।
अर्चना नाम की छात्रा का कंप्यूटर के विषय में कहना है, "पहली नजर में वह एक टेलीविजन जैसा दिखता है।" अब अर्चना वीडियो के जरिए बातचीत कर लेती है और उनका साथी हिसाब लगा लेता है कि उसके पिताजी कितने अमेरिकी डॉलर कमाते हैं।
अर्चना कहती है, "मुझे कंप्यूटर पर काम करना पसंद है। मेरे दादा-दादी ने मुझे बहुत मुश्किल से स्कूल भेजा था। मैं शिक्षक बनना चाहती हूं।"
इस परियोजना के तहत पिछले सप्ताह नेपाल के कासकी और कावरी क्षेत्र में चार वायरलैस लैब शुरू की गई थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications