हरियाणा में रेलगाड़ी से कटकर 6 मरे (लीड-2)
उत्तर रेलवे के प्रवक्ता अनंत स्वरूप ने आईएएनएस को बताया कि यह हादसा गुड़गांव से 26 किलोमीटर दूर पटौदी में सुबह 7.30 बजे हुआ। उन्होंने कहा, "पटरियों को अवैध तरीके से पार कर रहे छह लोगों की नई दिल्ली-अजमेर शताब्दी एक्सप्रेस से कटकर मौत हो गई।"
स्वरूप ने कहा कि इस हादसे के बाद सैकड़ों क्रोधित लोगों ने रेलगाड़ी को रोक दिया। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पटरियों से हटाया और 1.15 बजे रेलगाड़ी गंतव्य स्टेशन के लिए रवाना हो सकी।
स्वरूप ने कहा कि हादसे की वजह से रेलगाड़ी का इंजन क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा, "हमने वहां दिल्ली से एक इंजन भेजा लेकिन लोगों के प्रदर्शन के कारण उसे तत्काल रेलगाड़ी के साथ जोड़ा नहीं जा सका था।"
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि कुछ लोग हाली मंडी इलाके में पटरियां पार कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। प्रदर्शनकारी हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए मुआवजे की मांग कर रहे थे। इस संबंध में स्वरूप ने कहा, "रेलवे ने फिलहाल मुआवजे के संबंध में निर्णय नहीं लिया है।"
उधर, गुड़गांव के उपायुक्त ने मृतकों के परिजनों के लिए 500,000 रुपये मुआवजे की घोषणा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications