आईआईटी बॉम्बे से स्नातक 'प्रथम यूएसए' के अध्यक्ष नियुक्त
वाशिंगटन, 3 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय प्रोद्यौगिकी संस्थान, बॉम्बे से बी. टैक डिग्री हासिल कर चुके भारतीय मूल के अमेरिकी अरविंद सैंगर को 'प्रथम यूएसए' का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह संस्था भारत के शोषित बच्चों में पढ़ने और लिखने का कौशल विकसित करने में मदद करती है।
'प्रथम यूएसए' राष्ट्रीय निदेशकों के बोर्ड ने 19 अक्टूबर को सैंगर को बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया था। 1999 से इस पद पर आसीन विजय गोरेडिया ने उन्हें इस पद के लिए नामित किया था।
वर्ष 2007 में 'विलियम एंड फ्लोरा हैवलेट फाउंडेशन' और 'बील एंड मीलीन्डा गेट्स फाउंडेशन' ने 'रीड इंडिया' अभियान के तहत देशभर में सीखने-सिखाने की आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल के लिए इस अभियान को 91 लाख डॉलर की सहायता दी थी। यह अभियान अब तक भारत के 21 प्रदेशों के 3.4 लाख बच्चों तक पहुंच सका है।
अरविंद ने 1984 में राष्ट्रीय प्रोद्यौगिकी संस्थान, बॉम्बे से बी. टैक की डिग्री हासिल की थी। बाद में उन्होंने 1987 में ट्यूलेन विश्वविद्यालय से एमबीए किया था।
'प्रथम यूएसए' बोर्ड के अध्यक्ष होने के साथ वह ट्यूलेन विश्वविद्यालय के 'द ए. बी. फ्रीमैन स्कूल ऑफ बिजनिस' में 'बिजनिस स्कूल काउंसिल' के सदस्य हैं।
सैंगर कहते हैं, "मैं कई सालों से प्रथम यूएसए के साथ काम कर रहा हूं। मैं इसके विकास और कार्यक्रमों के भारत में विस्तृत प्रभाव से उत्साहित और प्रेरित हूं। 'प्रथम यूएसए' बोर्ड का अध्यक्ष बनने का अवसर पाकर मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications