करजई का 'राष्ट्रीय एकता' सरकार का वादा (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार दूसरे दौर का चुनाव के रद्द होने और निर्वाचन आयोग द्वारा विजेता घोषित किए जाने के बाद करजई ने मंगलवार को काबुल में कहा कि उनके मंत्रिमंडल में देश के सभी जातीय और राजनीतिक गुटों के प्रतिनिधियों को जगह दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ेगी।
उल्लेखनीय है कि करजई के मुख्य प्रतिद्वंद्वी अब्दुल्ला अब्दुल्ला रविवार को दूसरे दौर के चुनाव यह कहकर हट गए थे कि देश के राजनीतिक हालात इस तरह के नहीं हैं कि यहां निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया संपन्न हो सके। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने दूसरे चरण का चुनाव रद्द करते हुए करजई को विजेता घोषित कर दिया था।
इससे पहले सोमवार को, अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने करजई को फोन करके दोबारा राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर बधाई देते हुए सुधारों का नया अध्याय आरंभ करने और भ्रष्टाचार से लड़ने को कहा।
ओबामा ने करजई से सरकार को मजबूत करने, भ्रष्टाचार से लड़ने और अफगान सुरक्षा बलों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को तेज करने को कहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications