योग और करी का रस ले रहे हैं अमेरिकी सैनिक
नई दिल्ली, 3 नवंबर (आईएएनएस)। पंद्रह दिन के संयुक्त सैन्य अभ्यास के लिए भारत आए 250 अमेरिकी सैनिक इन दिनों योग के जरिए ताजादम होने के साथ ही करी और नान का जमकर स्वाद ले रहे हैं। अमेरिकी सैनिकों के लिए यह अनुभव बिल्कुल नया है लेकिन वे इसके बारे में किसी प्रकार की शिकायत नहीं कर रहे हैं।
अमेरिकी थल सेना के 'सेकेंड स्क्वाड्रन', '14 केवेलरी रेजीमेंट', '2 स्ट्राइकर ब्रिगेड कॉम्बैट टीम' और '25वीं इंफेंट्री डिवीजन' के सैनिक नियमित अभ्यास के साथ-साथ घंटों योगाभ्यास में बिता रहे हैं।
इन सैनिकों को सुबह-सुबह उठकर सूर्य के सामने चटाई और घास पर बैठकर योगाभ्यास करना पड़ता है। आंखें बंद किए अपनी सांसों पर नियंत्रण स्थापित करने का अभ्यास करते ये सैनिक नए तरह का अनुभव प्राप्त कर रहे हैं लेकिन इसे लेकर उन्हें कोई शिकायत नहीं है।
अमेरिकी सैनिकों को योगाभ्यास सिखाने के लिए भारतीय सेना ने एक योग्य प्रशिक्षक नियुक्त किया है। सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "अमेरिकी सैनिकों के लिए यह बिल्कुल नया अनुभव है। नियमित युद्धाभ्यास और कहानियों के अलावा हम उन्हें असल भारत से परिचित करा रहे हैं। अमेरिकी सैनिकों को सप्ताह में दो से तीन बार योगाभ्यास करना पड़ रहा है।"
इस दौरान अमेरिकी सैनिकों के भोज्य पदार्थो की सूची से हैम्बर्गर और तली हुई चीजों को अलग कर दिया गया है। उनका स्थान करी और नान ने ले लिया है। इसी करी और नान को खाकर अमेरिकी सैनिकों ने पिछले दिनों अपने भारतीय साथियों के साथ जमकर दिवाली भी मनाई।
इंडो-एशियन न्यू्ज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications