रावलपिंडी में विस्फोट, 10 मरे (लीड-2)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार पुलिस अधिकारी इश्तिायाक शाह ने बताया कि विस्फोट में 10 से ज्यादा लोग मारे गए। उन्होंने बताया कि यह विस्फोट उस समय हुआ जब सरकारी कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी एक बैंक से अपना वेतन निकाल रहे थे। उन्होंने सामा टेलीविजन को बताया कि विस्फोट बहुत से लोग घायल भी हो गए।
उधर, अन्य खबरों में मरने वालों की संख्या 20 से अधिक बताई गई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। समाचार चैनल जियो टीवी ने खबर दी है कि बम एक वाहन में रखा हुआ था। टीवी फुटेज में पुलिस को घटनास्थल की घेराबंदी करते दिखाया गया है। एंबुलेंस और अन्य इमरजेंसी वाहन भी मौके पर मौजूद हैं।
स्थानीय समाचार पत्र 'द न्यूज' की वेबसाइट के मुताबिक पाकिस्तान के आतंरिक मामलों के मंत्री रहमान मलिक ने इस विस्फोट की भर्त्सना की है। विस्फोट के बाद रावलपिंडी के सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया।
गौरतलब है कि विगत 10 अक्टूबर को रावलंपिंडी में ही 10 आतंकवादियों ने सेना मुख्यालय पर हमला कर दिया था। इसके बाद 22 घंटो तक चले अभियान में नौ आतंकवादियों सहित कम से कम 19 लोग मारे गए थे। एक आतंकवादी गिरफ्तार कर लिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications