मप्र में 10 नए मंत्री, कई मंत्रियों के विभागों में फेरबदल
शिवराज मंत्रिमंडल का पहला विस्तार 28 जुलाई को हुआ था, जिसके जरिए 10 सदस्यों का इजाफा किया गया था। मुख्यमंत्री को मिलाकर मंत्रियों की संख्या 33 है। पांच दिन की मशक्कत के बाद रविवार रात को नए मंत्रियों को विभाग आवंटित किए जाने के साथ पुराने मंत्रियों के विभागों में फेरबदल किया गया।
उमाशंकर गुप्ता नए गृह मंत्री बनाए गए है, वहीं वन मंत्रालय सरताज सिंह को सौंपा गया है। संसदीय कार्य मंत्री की जिम्मेदारी नरोत्तम मिश्रा को दी गई है। आदिम जाति कल्याण मंत्रालय विजय शाह के जिम्मे किया गया है। वहीं अजय विश्नोई को पिछड़ा वर्ग मंत्रालय दिया गया है।
इस फेरबदल से सबसे ज्यादा कद जनसंपर्क मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा का बढ़ा है, जिन्हें अतिरिक्त रूप से उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा पंचायत मंत्री गोपाल भार्गव को सामाजिक न्याय विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। सबसे ज्यादा नुकसान शिक्षा मंत्री अर्चना चिटनीस का हुआ है अब उनके पास सिर्फ स्कूल शिक्षा विभाग ही रह गया है। वहीं उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से संसदीय कार्य मंत्रालय छीना गया है।
इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री अनूप मिश्रा से उर्जा विभाग वापस लिया गया है तो जन शिकायत निवारण तथा जैव विविधता का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। कृषि मंत्री रामकृष्ण कुसमारिया, गृहमंत्री जगदीश देवड़ा, आदिम जाति कल्याण मंत्री जगन्नाथ सिंह, महिला बाल विकास मंत्री रंजना बघेल के विभागों में कटौती की गई है।
दूसरी ओर बाबूलाल गौर ,नागेंद्र सिंह, जयंत मलैया, तुकोजीराव पवार ,गौरी शंकर बिसेन और राघव जी ऐसे मंत्री हैं जिनके विभागों में कोई फेरबदल नहीं किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications