येदियुरप्पा बने रहेंगे पर संकट बरकरार
कर्नाटक के मौजूदा संकट पर वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के आवास पर सोमवार शाम एक बैठक हुई जिसमें अध्यक्ष राजनाथ सिंह, राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली और लोकसभा में विपक्ष की उपनेता सुषमा स्वराज शामिल हुईं।
बैठक के बाद संवाददाताओं द्वारा बार-बार पूछे जाने पर राजनाथ ने कहा, "हां, येदियुरप्पा ही मुख्यमंत्री रहेंगे। संकट को जल्द सुलझा लिया जाएगा। सभी से बातचीत जारी है।"
राजनाथ के इस बयान से स्पष्ट हो गया कि बैठक में किसी भी दबाव के आगे नहीं झुकने का फैसला हुआ है। हालांकि संकट बरकरार है।
इससे पहले, विद्रोही खेमे का नेतृत्व कर रहे रेड्डी बंधुओं में बड़े भाई जनार्दन रेड्डी ने आज नई दिल्ली में अरुण जेटली और अनंत कुमार से मुलाकात की।
रेड्डी ने इन मुलाकातों के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "मैंने जेटली और अनंत कुमार से विस्तार में बात की है। मुझे सौ फीसदी उम्मीद है कि केंद्रीय नेतृत्व कर्नाटक में एक अच्छा और बेहतर नेतृत्व प्रदान करेगा।"
रेड्डी से मुलाकात के बाद जेटली ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "मौजूदा संकट पर विधायकों, सांसदों व मंत्रियों से बातचीत की जा रही है। यह प्रक्रिया अभी जारी है। उम्मीद है कि जल्द ही इसका कोई न कोई समाधान निकल जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications