रावलपिंडी विस्फोट : 34 मरे, हकीमुल्ला और साथियों पर इनाम (लीड-5)

यह विस्फोट ठीक उसी दिन हुआ जब पाकिस्तानी सरकार ने तालिबानी सरगना हकीमुल्ला महसूद और उसके 18 साथियों का सुराग देने वाले को 50 लाख डॉलर का इनाम देने का ऐलान किया। उल्लेखनीय है कि हकीमुल्लाह आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी)का सरगना है। इस संगठन पर पाकिस्तान में कई आतंकवादी वारदातों को अंजाम देने का आरोप है।

टेलीविजन चैनल 'जियो टीवी' के मुताबिक विस्फोट स्थानीय समयानुसार सुबह 10.40 बजे शालीमार होटल के निकट हुआ। घटनास्थल के निकट पर्ल कांटिनेंटल होटल भी है।

समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधिकारी असलम तारिन ने संवाददाताओं को बताया, "आत्मघाती हमलावर मोटरसाइकिल पर आया और वेतन लेने के लिए एकत्र लोगों के नजदीक खुद को उड़ा दिया। हमलावर के शरीर के कुछ टुकड़े बरामद किए गए हैं।"

इससे पहले पुलिस अधिकारी इश्तिायाक शाह ने बताया कि यह विस्फोट उस समय हुआ जब सरकारी कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी एक बैंक से अपना वेतन निकाल रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। टीवी फुटेज में पुलिस को घटनास्थल की घेराबंदी करते दिखाया गया है। एंबुलेंस और अन्य इमरजेंसी वाहन भी मौके पर मौजूद हैं।

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने इस विस्फोट की कड़ी निंदा की है। आतंरिक मामलों के मंत्री रहमान मलिक ने भी इसकी भर्त्सना की है। विस्फोट के बाद रावलपिंडी के सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया और सुरक्षाकर्मियों ने बच्चों को घरों तक पहुंचाया।

एक अन्य खबर के मुताबिक विस्फोट का शिकार बनने वालों ज्यादातर सुरक्षाकर्मी थे। एक प्रत्यक्षर्शी साजिद खान ने पत्रकारों को बताया कि वह विस्फोट के समय वह इस इलाके से अपने वाहन में सवार होकर गुजर रहे थे।

खान ने कहा, "यह एक भीषण विस्फोट था। यह माल रोड पर स्थित जनरल पोस्ट ऑफिस चौक के निकट हुआ। मैंने इमारतों से धुंआ उठता देखा।"

एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी शौकत अली ने कहा, "जब मैं मौके पर पहुंचा तो वहां चारों ओर हताहत लोग पड़े हुए थे। कुछ शव बिना सिर के थे तो कुछ के पैर नहीं थे। लोगों ने उन महिलाओं को ढका जिनके कपड़े विस्फोट में जल गए थे। यह बहुत ही शर्मनाक है। "

विगत 10 अक्टूबर को रावलंपिंडी में ही 10 आतंकवादियों ने सेना मुख्यालय पर हमला कर दिया था। इसके बाद 22 घंटो तक चले अभियान में नौ आतंकवादियों सहित कम से कम 19 लोग मारे गए थे। एक आतंकवादी गिरफ्तार किया गया था।

उधर, पाक सरकार ने सोमवार को स्थानीय समाचार पत्र 'द न्यूज' के प्रथम पृष्ठ पर और चैनलों पर भी हकीमुल्लाह और उसके साथियों के पर इनाम संबंधी विज्ञापन दिया।

विज्ञापन में कहा गया है, "अगर कोई इन आतंकवादियों को जिंदा या मुर्दा पकड़ लेता है अथवा इनके बारे में कोई पुख्ता जानकारी मुहैया कराता है तो उसे यह राशि इनाम में दी जाएगी।"

इस विज्ञापन में हकीमुल्ला, वली-उर-रहमान महसूद और कारी हुसैन महसूद में से प्रत्येक पर 50 लाख पाकिस्तानी रुपये के इनाम की घोषणा की गई है। पाकिस्तानी सरकार ने इन पर आत्मघाती हमलावरों को प्रशिक्षण देने का आरोप लगाया है।

इसके अलावा टीटीपी के 11 स्वयंभू कमांडरों पर 20-20 लाख रुपये और पांच अन्य पर 10-10 लाख रुपये का इनाम रखा गया है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+