रावलपिंडी विस्फोट : 22 मरे, 15 घायल (लीड-3)
सेना मुख्यालय को महज तीन हफ्ते पहले भी तालिबानी आतंकवादियों ने निशाना बनाया था।
टेलीविजन चैनल 'जियो टीवी' के मुताबिक विस्फोट स्थानीय समायनुसार सुबह 10.40 बजे शालीमार होटल के निकट हुआ। घटनास्थल के निकट पर्ल कांटिनेंटल होटल भी है। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि विस्फोट में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई और 15 घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार पुलिस अधिकारी इश्तिायाक शाह ने बताया कि यह विस्फोट उस समय हुआ जब सरकारी कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी एक बैंक से अपना वेतन निकाल रहे थे। उन्होंने सामा टेलीविजन को बताया कि विस्फोट बहुत से लोग घायल भी हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। खबरों में कहा गया है कि बम एक वाहन में रखा हुआ था। टीवी फुटेज में पुलिस को घटनास्थल की घेराबंदी करते दिखाया गया है। एंबुलेंस और अन्य इमरजेंसी वाहन भी मौके पर मौजूद हैं।
स्थानीय समाचार पत्र 'द न्यूज' की वेबसाइट के मुताबिक पाकिस्तान के आतंरिक मामलों के मंत्री रहमान मलिक ने इस विस्फोट की भर्त्सना की है। विस्फोट के बाद रावलपिंडी के सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया।
एक अन्य खबर के मुताबिक विस्फोट का शिकार बनने वालों ज्यादातर सुरक्षाकर्मी थे। एक प्रत्यक्षर्शी साजिद खान ने पत्रकारों को बताया कि वह विस्फोट के समय वह इस इलाके से अपने वाहन में सवार होकर गुजर रहे थे।
खान ने कहा, "यह एक भीषण विस्फोट था। यह माल रोड पर स्थित जनरल पोस्ट ऑफिस चौक के निकट हुआ। मैंने इमारतों से धुंआ उठता देखा।"
गौरतलब है कि विगत 10 अक्टूबर को रावलंपिंडी में ही 10 आतंकवादियों ने सेना मुख्यालय पर हमला कर दिया था। इसके बाद 22 घंटो तक चले अभियान में नौ आतंकवादियों सहित कम से कम 19 लोग मारे गए थे। एक आतंकवादी गिरफ्तार कर लिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications