दिल्ली में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गुरुपर्व
गुरुद्वारा समितियों ने प्रभात फेरियों का आयोजन किया जिनमें सिखों के साथ अन्य धर्मो के अनुयायी भी शामिल हुए। इस अवसर पर शबद गाए गए और प्रसाद वितरित किया गया।
सिख समुदाय ने विश्वभर में शबद-कीर्तन और लंगरों का आयोजन कर गुरुपर्व मनाया।
उत्तरी दिल्ली निवासी हरप्रीत कौर का कहना है कि रविवार शाम से ही पर्व के आयोजनों की शुरुआत हो गई थी जो सोमवार रात तक चलते रहेंगे।
कौर ने आईएएनएस से कहा, "रविवार रात मतलब गुरुपर्व की पूर्वसंध्या पर गुरुद्वारों पर रोशनी की गई। बच्चों ने पटाखे चलाए जबकि श्रद्धालु पंक्तियों में खड़े होकर गुरुद्वारे में प्रार्थना करने जाने के लिए अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रहे थे।"
उन्होंने कहा, "सुबह होने के साथ ही श्रद्धालु दोबारा गुरुद्वारे में पहुंच गए। उन्होंने वहां की साफ-सफाई और कार सेवा की व लंगर की तैयारियां कीं।"
करोल बाग के हरपाल सिंह ने कहा, "गुरुपर्व के अवसर पर हम सभी के लिए हलवा, पूरी और सब्जी का निशुल्क वितरण करते हैं। इसलिए कई स्थानों पर भोजन मिलने का इंतजार करते लोगों की कतारें दिखना सामान्य है।"
हरपाल सिंह ने कहा कि शाम होने के साथ ही गुरुद्वारे और घरों में मोमबत्तियां जलाई जाएंगी और पटाखे चलाए जाएंगे।
उन्होंने कहा, "हमारे लिए गुरुपर्व एक महत्वपूर्ण त्यौहार है और इसका मजा लेने में हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। हम इस पर्व की खुशियों में अन्य लोगों को भी शामिल करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications