कोड़ा और सहयोगियों के यहां आयकर विभाग ने मारे 70 छापे (लीड-2)

रांची, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद मधु कोड़ा और उनके सहयोगियों के आय से अधिक संपत्ति के मामले की जांच कर रहे आयकर विभाग (आईटी) ने आठ शहरों में स्थित 70 ठिकानों पर शनिवार को छापा मारा और 2,000 करोड़ रुपये के अवैध लेन-देन से संबंधित कागजात बरामद कर लिया।

आयकर विभाग के निदेशक उज्जवल कुमार चौधरी ने यहां संवाददाताओं को बताया, "मुंबई में मारे गए छापे में हमें वे कागजात हासिल हुए हैं जिनसे यह पता चलता है कि 300 से 400 करोड़ रुपये हवाला सहित विभिन्न माध्यमों से विदेश भेजे गए हैं। इनमें से 100 करोड़ रुपये से अधिक हवाला के माध्यम से विदेश भेजे गए हैं। हम हवाला के जरिए रुपयों को भेजने वाले ललित जैन और अरविंद व्यास से पूछताछ कर रहे हैं।"

चौधरी ने कहा, "छापामारी अभियान में हमने प्रवर्तन निदेशालय का सहयोग लिया है। खुफिया रिपोर्टों के आधार पर हमने यह कदम उठाया है।"

चौधरी ने कहा, "हमने निवेश से संबंधित और दुबई, थाईलैंड, मलेशिया और अन्य देशों में भेजे गए धन से संबंधित कागजात जब्त किए हैं।"

चौधरी के अनुसार इस सौदे के पीछे मुख्य सरगना विनोद सिन्हा है। सिन्हा का एक अन्य सहयोगी संजय चौधरी है। दोनों मधु कोड़ा के करीबी सहयोगी रहे हैं।

चौधरी ने कहा कि ये सभी लेन-देन पिछले दो वर्षो के दौरान किए गए हैं।

चौधरी ने कहा, "सिन्हा और संजय चौधरी आईटी विभाग के अधिकारियों के सामने पेश नहीं हुए हैं। हमने दोनों से 24 घंटे के भीतर हमसे बात करने का निवेदन किया है अन्यथा हम उन्हें एक रेड एलर्ट जारी करेंगे और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर देंगे।"

चौधरी के अनुसार सिन्हा ने मुंबई स्थित तीन कंपनियों में पिछले डेढ़ सालों के दौरान 1,300 करोड़ रुपये का निवेश किया है।

अधिकारियों ने कोड़ा के रांची, जमशेदपुर, नई दिल्ली, जयपुर, कोलकाता, चाईबासा और लखनऊ में स्थित आवासों पर छापे मारे। केवल रांची में 25 जगहों पर छापे मारे गए हैं।

चौधरी ने कहा, "छापामारी अभियान उस रिपोर्ट पर आधारित है, जब मधु कोड़ा खनन और भूगर्भ मंत्री थे और अर्जुन मुंडा मुख्यमंत्री थे। उस वक्त कई सौदे हुए थे, जिससे पैसे के लेन-देन का संकेत मिलता है।"

उल्लेखनीय है कि कोड़ा के खिलाफ भ्रष्टाचार के कई मामले लंबित हैं। झारखण्ड सर्तकता विभाग ने आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति जमा करने के मामले में कोड़ा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

रिपोर्टो के अनुसार कोड़ा ने कथित तौर पर दक्षिण अफ्रीका में खदान क्षेत्र में 4,000 करोड़ से अधिक रुपये निवेश किए हैं।

पिछले हफ्ते पेट में दर्द की शिकायत के बाद कोड़ा का ऑपरेशन किया गया था। वह सितम्बर 2006 से अगस्त 2008 तक झारखंड के मुख्यमंत्री थे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+