शांति वार्ता बहाल करने इजरायल पहुंची हिलेरी क्लिंटन
जेरूसलम, 1 नवंबर (आईएएनएस)। इजरायल और फिलीस्तीन के बीच शांति वार्ता बहाल करने के प्रयासों के तहत अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन शनिवार को इजरायल पहुंची।
शनिवार रात को जेरूसलम पहुंची क्लिंटन ने नेतन्याहू से मुलाकात से पहले इजरायल के रक्षा मंत्री एहुद बराक और विदेश मंत्री एविग्डोर लिबरमैन से भेंट की।
नेतन्याहू के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में क्लिंटन ने वार्ता के लिए शर्तो के महत्व को कम करने की कोशिश की और नेतन्याहू के साथ वार्ता आरंभ करने पर जोर दिया।
फिलीस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास के साथ शनिवार सुबह अबूधाबी में एक मुलाकात के बाद क्लिंटन इजरायल पहुंची।
उल्लेखनीय है कि अब्बास ने जेरूसलम सहित वेस्ट बैंक में 'यहूदी सेटलमेंट' गतिविधियों को पूरी तरह रोकने से पहले वार्ता से इंकार किया है।
बैठक के बाद फिलीस्तीन के मुख्य वार्ताकार साएब एरेकात ने एक बयान में कहा कि शांति वार्ता आरंभ करने से पहले सभी सेटलमेंट गतिविधियों को रोकना आवश्यक है, जिन्हें इजरायल स्वाभाविक वृद्धि कहता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications