उत्तर प्रदेश में रेलगाड़ी और ट्रक में टक्कर, 12 मरे (लीड-2)
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सिंह ने संवाददाताओं को बताया, "यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब गहादसा जिले के नवाबगंज स्टेशन के पास मानवरहित रेलवे क्रासिंग पर दोपहर 1.22 बजे गोंडा की तरफ से आ रही (0441-अप) गोरखपुर-अयोध्या पैसेंजर रेलगाड़ी की एक ट्रक के साथ भीषण टक्कर हो गई। रेलगाड़ी और ट्रक के बीच हुई टक्कर में 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।"
सिंह ने बताया कि मरने वालों में दो ट्रक सवार (चालक व खलासी) और रेलगाड़ी के 10 यात्री शामिल हैं। मृतकों की शिनाख्त कराई जा रही है। हादसे में करीब 20 लोग घायल भी हुए हैं जिन्हें जिला अस्पताल और हरपाल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है। घायलों में पांच की हालत गंभीर बनी हुई है।
रेलगाड़ी में सवार लोग कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर अयोध्या में लगने वाले मेले में हिस्सा लेने जा रहे थे। कार्तिक पूर्णिमा मेले के कारण रेलगाड़ी यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी। भीड़ का आलम यह था कि लोग रेलगाड़ी के फाटकों पर लटके होने के साथ-साथ छत पर भी बैठे हुए थे।
सिंह ने कहा कि मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की गई है। जबकि गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को दस-दस हजार रुपये के मुआवजे की घोषणा की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications