स्थापना दिवस पर मध्य प्रदेश के नेताओं ने एक सुर में अलापा विकास का राग
राजधानी के मोतीलाल नेहरु स्टेडियम में आयोजित समारोह में राज्यपाल रामेश्वर ठाकुर के अलावा प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश पचौरी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जमुनादेवी ने एक स्वर में प्रदेश के विकास की कामना की और इसे ही मुख्य लक्ष्य बताया।
राज्यपाल ठाकुर ने प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विकास और सेवा के क्षेत्र में जन भागीदारी से हो रहे प्रयास अनुकरणीय है। उन्होंने आगे कहा कि स्थापना दिवस प्रदेश के सुदीर्घ विकास की रणनीति बनाने का अवसर है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि स्थापना दिवस से 'आइए, अपना मध्य प्रदेश बनाएं' अभियान की शुरुआत की जा रही है। इस अभियान का मकसद आम आदमी में प्रदेश के प्रति गर्व, अपनत्व और विकास की ललक पैदा करना है। उन्होंने कहा कि पिछले 53 वर्ष में प्रदेश का विकास तो हुआ है, परंतु उन्नति और विकास की अपार संभावनाएं अभी भी हैं।
चौहान ने प्रदेश की राजनीतिक परंपराओं का हवाला देते हुए कहा कि जब भी प्रदेश के विकास की बात आती है तो तमाम राजनीतिक दल एक हो जाते हैं। इसको लेकर उन्होंने एक नारा भी दिया 'विचारों में भले हो मतभेद, विकास में हम सब है एक।'
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष तोमर ने कहा कि प्रदेश के विकास के प्रति जागरूकता और समग्र जनक्रांति आज की जरूरत है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष पचौरी ने प्रदेश में व्याप्त विकास की संभावनाओं का जिक्र किया और कहा कि जनकल्याण तथा विकास का अभियान एक साथ चलाया जाना चाहिए। इस मौके पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जमुना देवी ने भी प्रदेश विकास के लिए सार्थक पहल पर जोर दिया।
इस समारोह में पाश्र्व गायक शान ने वरिष्ठ पत्रकार महेश श्रीवास्तव रचित प्रयाण गीत प्रस्तुत किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications