उत्तर प्रदेश में रेलगाड़ी और ट्रक में टक्कर, 11 मरे (लीड-1)
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सिंह ने संवाददाताओं को बताया, "हादसा जिले के नवाबगंज स्टेशन के निकट मानवरहित रेलवे क्रासिंग पर दोपहर 1.22 बजे उस वक्त हुआ जब गोंडा की तरफ से आ रही गोरखपुर-अयोध्या पैसेंजर रेलगाड़ी की एक ट्रक से टक्कर हो गई। रेलगाड़ी और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई।
सिंह ने बताया कि मरने वालों में दो ट्रक सवार (चालक व खलासी) और रेलगाड़ी के 9 यात्री शामिल हैं। हादसे में करीब 20 लोग घायल भी हुए हैं जिन्हें जिला अस्पताल और हरपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है। घायलों में पांच की हालत गंभीर बनी हुई है।
रेलगाड़ी में सवार लोग कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर अयोध्या में लगने वाले मेले में हिस्सा लेने जा रहे थे। कार्तिक पूर्णिमा मेले के कारण रेलगाड़ी यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी। भीड़ का आलम यह था कि लोग रेलगाड़ी के फाटकों पर लटके होने के साथ-साथ छत पर भी बैठे हुए थे।
सिंह ने कहा कि मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की गई है। जबिक गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को दस-दस हजार रूपये के मुआवजे की घोषणा की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications