'पाकिस्तान में फैशन उद्योग पर पड़ रहा राजनीति का असर'
मुंबई, 1 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई में 'एचडीआईएल इंडिया कल्चर वीक' कवर करने पहली बार भारत आईं पाकिस्तानी फैशन डिजाइनर आमना ईसानी यहां के फैशन जगत की चकाचौंध को देखकर मोहित हो गईं।
पाकिस्तान की मशहूर फैशन संपादक ने कहा कि यहां की तुलना में पाकिस्तान में भी योग्य डिजाइनर हैं लेकिन वहां की खराब राजनीतिक परिदृश्य के चलते उन्हें आगे बढ़ने का मौका नहीं मिल पाता है।
ईसानी ने आईएएनएस से कहा, "इस शहर में ज्यादा जीवन है। यहां आम आदमी के लिए बहुत कुछ है। घर जाने पर यहां की कॉफी की दुकानों, मॉल्स और मल्टीप्लेक्स की याद आएगी। यहां बाहर जाने के लिए दो बार सोचना नहीं पड़ेगा। आप दिन में किसी भी समय कहीं भी घूम सकते हैं।"
कराची की रहने वाली संपादक ईसानी ने कहा, "पाकिस्तान में आपको बाहर जाने के लिए दो बार सोचना पड़ेगा क्योंकि वहां जीवन अप्रत्याशित है। हमारे पास भी ज्यादा प्रतिभाएं हैं लेकिन दुर्भाग्यवश वहां का राजनीतिक परिदृश्य बहुत खराब है।"
पाकिस्तान में फैशन के बारे में ईसानी ने कहा कि वहां बाजार बहुत छोटा है।
ईशानी ने कहा, "पाकिस्तान में कोई मध्यम वर्ग नहीं है। डिजाइनरों द्वारा बनाए गए कपड़े वहां धनी लोग ही खरीदते हैं। सामान्यतया डिजाइनर कपड़े कामकाजी महिलाएं ही खरीदती हैं। ये महिलाएं शिक्षित होती हैं जिनकी फैशन के बारे में समझ अच्छी होती है।"
ईसानी ने आगे बताया कि पाकिस्तान में एक दूसरा धनी वर्ग भी है जो स्थानीय दर्जियों को ज्यादा महत्व देता है। वे दर्जी के पास एक कपड़े का टुकड़ा लेकर जाते हैं और अपना वस्त्र सिलवाते हैं। दर्जियों द्वारा बनाए गए इन कपड़ों को 'दर्जीनर्स' के नाम से जाना जाता है।
मशहूर फैशन संपादक ने कहा, "पाकिस्तान में स्थिरता और सुरक्षा की आवश्यकता है। यदि पाकिस्तान में एक वर्ष में कोई विस्फोट नहीं होता है तो इंशाअल्लाह हम वहां फैशन समारोह आयोजित करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications