आतंकवाद से लड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं : गिलानी (लीड-1)
गिलानी ने पेशावर में संवाददाताओं से कहा, "हम इस वक्त युद्ध में हैं। हमारा नागरिक नेतृत्व, सैन्य नेतृत्व और राजनीतिक नेतृत्व सबकी यही राय है कि हमें आतंकवाद से लड़ना है। इसके अलावा कोई विकल्प नहीं है क्योंकि आंतकवादियों की मंशा हमारे मुल्क पर कब्जा करने की है।"
हाल के दिनों में कई आतंकवादी वारदातों को झोल चुके पेशावर शहर की स्थिति का जायजा लेने प्रधानमंत्री गिलानी यहां पहुंचे। उल्लेखनीय है कि पेशावर में कुछ दिनों पहले हुए एक कार बम विस्फोट में 115 से अधिक लोग मारे गए थे।
पाकिस्तानी सेना ने विगत दो सप्ताह से तालिबान आतंकवादियों के खिलाफ दक्षिणी वजीरिस्तान में बड़े पैमाने पर अभियान चला रखा है। सेना की ओर से शनिवार को दावा किया गया कि सैनिक तालिबान आतंकवादियों के सबसे मजबूत गढ़ के निकट पहुंच चुके हैं।
स्थानीय समाचार पत्र 'डॉन' के मुताबिक सेना के के बयान में कहा गया है कि जवानों ने दक्षिणी वजीरिस्तान के सारारोग इलाके में तीन ठिकानों को घेर लिया है और वे मकीन के बाहरी इलाकों तक पहुंच चुके हैं। उल्लेखनीय है कि इसे मुख्य गढ़ माना जाता है।
अधिकारियों का कहना है कि 24 घंटे के अंदर सैन्य कार्रवाई में 33 आतंकवादी मारे गए हैं। इस दौरान सेना के चार जवान भी घायल हो गए। सेना को आतंकवादियों की बम बनाने की एक फैक्टरी भी मिली है और यहां से बड़े पैमाने पर हथियार व गोला-बारूद बरामद किए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications