जम्मू एवं कश्मीर में प्री-पेड मोबाइल कनेक्शन बंद (लीड-1)
गृह मंत्री पी.चिदंबरम ने नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया, "मैंने श्रीनगर में संपन्न हुए आल इंडिया एडिटर्स कांफ्रेंस में यह बात कही थी। प्रीपेड कनेक्शन का आसानी से दुरुपयोग किया जा सकता है। बाकी देश के अन्य हिस्सों में प्रीपेड कनेक्शन से हमें कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन कश्मीर में सुरक्षा का सवाल है।"
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, "गृह मंत्रालय ने तय किया है कि 1 नवंबर के बाद से जम्मू एवं कश्मीर में न तो प्रीपेड मोबाइल कनेक्शन जारी किए जाएंगे और न ही मौजूदा कनेक्शन का नवीनीकरण ही किया जाएगा। गृह मंत्रालय ने दूरसंचार विभाग से इस फैसले को लागू करने के लिए उचित कार्रवाई करने को कहा है।"
सरकार ने यह कदम उन रिपोर्टो के बाद उठाया है जिनमें कहा गया है कि विक्रेता अथवा सेवा प्रदाता कनेक्शन जारी करने से पहले यथोचित सत्यापन नहीं कर रहे हैं। कुछ मामलों में एक ही व्यक्ति को एक से अधिक नंबर जारी कर दिए गए हैं।
विक्रेताओं द्वारा नकली दस्तावेजों तथा पहचान पत्रों के भी इस्तेमाल की सूचनाएं मिली हैं, खासकर प्री-पेड कनेक्शनों के मामले में। इसके कारण सुरक्षा की गंभीर चिंताएं बढ़ गई हैं। इसीलिए यह निर्णय लिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications